Edited By Updated: 28 Apr, 2017 03:04 PM
17 अप्रैल को डिप्स स्कूल करोल बाग (लद्देवाली यूनिवर्सिटी रोड) का बाहर से जबरन गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन करते हुए गलत शब्दावली का प्रयोग करने को लेकर थाना रामा मंडी की पुलिस ने दि पंजाब पेरैंट्स एसोसिएशन के प्रधान कमलदीप सिंह बेदी सहित 20 लोगों पर...
जालंधर (महेश): 17 अप्रैल को डिप्स स्कूल करोल बाग (लद्देवाली यूनिवर्सिटी रोड) का बाहर से जबरन गेट बंद कर धरना-प्रदर्शन करते हुए गलत शब्दावली का प्रयोग करने को लेकर थाना रामा मंडी की पुलिस ने दि पंजाब पेरैंट्स एसोसिएशन के प्रधान कमलदीप सिंह बेदी सहित 20 लोगों पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। एस.एच.ओ. रामा मंडी इंस्पैक्टर बिमलकांत ने बताया कि कमलदीप सिंह बेदी के अलावा सुखविन्द्र सिंह पुत्र गुरमेल सिंह निवासी ठाकुर सिंह कालोनी बशीरपुरा जालंधर, सचिन भल्ला पुत्र सुरेन्द्र भल्ला निवासी करोल बाग, यूनिवर्सिटी रोड, सतनाम सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी संगम विहार व भगवंत कौर पत्नी लाभ सिंह निवासी करोल बाग समेत 15 अज्ञात लोगों को आई.पी.सी. की धारा 341, 342, 149, 384, 511 व 506 के तहत मुकद्दमा नं. 91 में नामजद किया गया है।
यह मामला डिप्स स्कूल के एम.डी. तरविन्द्र सिंह के बयानों पर पुलिस ने पूरी जांच के बाद दर्ज किया है। इंस्पैक्टर बिमलकांत ने बताया कि तरविन्द्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी कि दि पंजाब पेरैंट्स एसोसिएशन के प्रधान कमलदीप सिंह अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए प्राइवेट स्कूलों में पढ़ते बच्चों के पेरैंट्स को गुमराह कर रहा है, जिसके तहत उसने 17 अप्रैल को स्कूल में पढ़ते बच्चों के कुछ पेरैंट्स को साथ लेकर डिप्स स्कूल करोल बाग में आकर गेट को बाहर से जबरन बंद कर दिया और धरना-प्रदर्शन करते हुए दीवारों पर बैनर लगाकर स्कूल की मैनेजमैंट व स्टाफ के प्रति गलत शब्दावली का प्रयोग किया।
शिकायत : 50 हजार रुपए महीना मांगता था बेदी
एस.एच.ओ. बिमलकांत के अनुसार तरविन्द्र सिंह डिप्स स्कूल के एम.डी. ने शिकायत में कहा था कि कमलदीप सिंह बेदी ने उनसे फोन पर बातचीत के दौरान हर महीने 50 हजार रुपए देने की मांग की थी। तरविन्द्र सिंह के अनुसार जब उन्होंने उसकी मांग को पूरा नहीं किया तो उसने बच्चों के अभिभावकों को गुमराह करते हुए उनके स्कूल का माहौैल खराब करने के लिए 17 अप्रैल को धरना लगा दिया।
कासा के संघर्ष के बाद हुई कार्रवाई
सी.बी.एस.ई. एफीलिएटिड स्कूल एसोसिएशन (कासा) के विशेष प्रयासों से ही डिप्स स्कूल करोल बाग का माहौल खराब करने वाले दि पंजाब पेरैंट्स एसोसिएशन के प्रधान कमलदीप सिंह समेत करीब 20 लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक डिप्स स्कूल के एम.डी. तरविन्द्र सिंह ने अपने स्कूल के पूरे मामले को कासा के प्रधान अनिल चोपड़ा तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों जोध राज गुप्ता (लारैंस स्कूल), राजेश मायर (मायर स्कूल), अनूप बोरी (इनोसैंट स्कूल) के पास उठाया था, जिसके बाद एसोसिएशन ने एकजुट होकर अपनी लड़ाई लड़ी। सिविल व पुलिस प्रशासन के अलावा मीडिया के पास जाकर इंसाफ के लिए उनका सहयोग मांगा। इस तरह दि पंजाब पेरैंट्स एसो. के प्रधान तथा अन्य लोगों के खिलाफ थाना रामा मंडी की पुलिस ने वीरवार को मामला दर्ज कर लिया।