Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Jun, 2017 03:45 PM
भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई द्वारा प्रधान का. विजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में यहां जिला प्रशासनिक काम्पलैक्स के बाहर धरना दिया
होशियारपुर (अश्विनी): भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई द्वारा प्रधान का. विजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में यहां जिला प्रशासनिक काम्पलैक्स के बाहर धरना दिया गया। इस अवसर पर श्रमिकों ने मोदी सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी करके अपनी भड़ास निकाली। का. विजय कुमार ने कहा कि अगर श्रमिकों की मांगों को जल्द स्वीकार न किया गया तो भारतीय मजदूर संघ देश भर में धरने प्रदर्शन व हड़ताल करने पर विवश होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ के 22 से 24 मई को कानपुर में हुए 18वें अखिल भारतीय अधिवेशन में नीति आयोग के पुनर्गठन व श्रमिकों की समस्याओं के बारे में विस्तृत चर्चा की गई थी। केंद्र सरकार की अस्पष्ट व भ्रामक नीति के चलते श्रमिक वर्ग उहा-पोह व दहशत की स्थिति में है। भारतीय मजदूर संघ ने 2014 के चुनाव से लेकर नोटबंदी तक मोदी सरकार का पूरा समर्थन किया था। अब संगठन के सदस्य अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
बाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजने हेतु एक ज्ञापन जिलाधीश विपुल उज्ज्वल को भेंट किया। इसमें मांग की गई कि केंद्र सरकार नीति आयोग के प्रभाव से हट कर निष्पक्षता से कार्य करते हुए श्रमिकों को शोषण से मुक्त करवाए। नीति आयोग के पुनर्गठन के समय श्रमिकों, किसानों व आम लोगों को भी इसमें प्रतिनिधित्व दिया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि अगर मजदूर संघ की मांगें न मानी गईं तो श्रमिक सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।