Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Oct, 2017 08:11 AM
दाना मंडी बाघापुराना के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर पंजाब पुलिस के सिपाही कमलजीत सिंह (30) निवासी गांव वैरोके की मौत हो जाने का पता लगा है।
मोगा (आजाद): दाना मंडी बाघापुराना के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर पंजाब पुलिस के सिपाही कमलजीत सिंह (30) निवासी गांव वैरोके की मौत हो जाने का पता लगा है। इस संबंध में मृतक के पिता महेन्द्र सिंह के बयानों पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाना बाघापुराना में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार सिपाही कमलजीत सिंह जो थाना बाघापुराना में तैनात था, गत देर रात्रि अपने मोटरसाइकिल पर गांव जा रहा था। जब वह दाना मंडी के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन चालक ने उसको टक्कर मारी, जिससे वह मोटरसाइकिल समेत गिर गया तथा घायल हो गया, जिसको वहां मौजूद लोगों ने सिविल अस्पताल बाघापुराना पहुंचाया।
डाक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डी.एम.सी. लुधियाना रैफर किया लेकिन उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता महेन्द्र सिंह ने बताया कि उसके लड़के कमलजीत सिंह का विवाह 2 साल पहले हुआ था तथा उसकी एक 8-9 महीने की लड़की है। इस हादसे की जांच कर रहे थाना बाघापुराना के सहायक थानेदार सिकंदर सिंह ने बताया कि शव को सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों के हवाले कर दिया गया। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।