Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Jan, 2018 08:54 PM
पटियाला को आज अपना नया मेयर मिल जाएगा। सुबह नगर निगम कार्यालय में मेयर पद के लिए चुनाव होंगे
पटियाला(स.ह./बलजिन्द्र/जोसन): मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह और पूर्व विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर के नजदीकी संजीव शर्मा बिट्टू पटियाला के नए मेयर चुने गए, जबकि योगिंद्र सिंह योगी को सीनियर डिप्टी मेयर व विनती संगर को डिप्टी मेयर चुना गया। पूर्व विदेश राज्यमंत्री परनीत कौर, कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा, साधु सिंह धर्मसोत, चेयरमैन के.के. शर्मा, विधायक हरदयाल कंबोज, विधायक मदन लाल जलालपुर की उपस्थिति में बिट्टू के नाम का प्रस्ताव कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा ने रखा व समूचे हाऊस ने उसको सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया।
ब्रह्म महिंद्रा ही बिट्टू के नाम का लिफाफा लेकर आए थे और उन्होंने ही संजीव बिट्टू के नाम का प्रस्ताव किया। पार्षद हरीश नागपाल गिन्नी और रजनी शर्मा ने सीनियर डिप्टी मेयर के लिए योङ्क्षगद्र योगी के नाम का प्रस्ताव किया, जिस पर हाऊस ने बिना विरोध मोहर लगा दी। इसी तरह डिप्टी मेयर के पद के लिए पार्षद कमलेश मल्होत्रा व संदीप मल्होत्रा ने विनती संगर का नाम प्रपोज किया व समूचे हाऊस ने उसको मंजूर कर लिया। संजीव शर्मा बिट्टू 1992 से कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं। 1996 में वह यूथ कांग्रेस के प्रधान बने और लगातार 12 साल तक प्रधान रहे। वर्ष 2012 में वह पहली बार नगर निगम के पार्षद चुने गए और नगर निगम में विपक्ष के नेता बने। बिट्टू को मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह व पूर्व विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर का अति नजदीकी माना जाता है। परनीत कौर ने शुरू से ही बिट्टू के नाम पर मोहर लगाई हुई थी, जिसे लेकर बिट्टू का मेयर चुना जाना पहले से ही तय माना जा रहा था। आज संजीव बिट्टू के मेयर बनने के बाद समूचे नेताओं की हाजिरी में बिट्टू ने मेयर का पदभार संभाला और पूर्व विदेश राज्यमंत्री महारानी परनीत कौर के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेकर फिर मेयर की कुर्सी पर बैठे।
कांग्रेस ने आज चुने गए तीनों पदों में बैलेंस बनाने की पूरी कोशिश की। बिट्टू जहां हिन्दू फेस माने जाते हैं, वहीं सीनियर डिप्टी मेयर योङ्क्षगदर योगी को बना कर शहरी सिखों की प्रतिनिधिता दी गई। महिला व दलित वर्ग में से विनती संगर को डिप्टी मेयर बनाया गया। कांग्रेस ने समूचे वर्गों को प्रतिनिधिता देने की पूरी कोशिश की। इस मौके पर हरिंदरपाल सिंह हैरीमान, विपन शर्मा, अनिल मंगला, के.के. मल्होत्रा, वेद प्रकाश गुप्ता, प्रेम किशनपुरी, अतुल जोशी, विजय कूका, करन गौड़, विनोद अरोड़ा कालू, हरीश कपूर, सोनिया कपूर, के.के. सहगल आदि विशेष तौर पर हाजिर थे।