Edited By Updated: 21 Dec, 2016 09:16 AM
सर्बजीत सिंह मक्कड़ को जालंधर छावनी हलके से शिरोमणि अकाली दल की टिकट देने से लगातार नाराज चल रहे जिला अकाली जत्था शहरी के प्रधान
जालंधर(महेश): सर्बजीत सिंह मक्कड़ को जालंधर छावनी हलके से शिरोमणि अकाली दल की टिकट देने से लगातार नाराज चल रहे जिला अकाली जत्था शहरी के प्रधान गुरचरण सिंह चन्नी ने आज जालंधर छावनी हलके में हुए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के संगत दर्शन प्रोग्राम का पूरी तरह से बायकाट किया जबकि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य परमजीत सिंह रायपुर सभी प्रोग्रामों में मौजूद रहे। वह भी मक्कड़ को टिकट दिए जाने के कारण पार्टी से काफी खफा थे लेकिन गत दिनों पार्टी के प्रधान व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें उनके घर जाकर मना लिया था। उस समय सुखबीर बादल से पत्रकारों ने गुरचरण सिंह चन्नी के बारे में बात की थी लेकिन सुखबीर ने कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया था।
वर्णनीय है कि आज के मुख्यमंत्री के संगत दर्शन प्रोग्राम से पहले भी सुखबीर बादल के जालंधर छावनी हलके से संबंधित चार-पांच समारोह (सोफी पिंड, जमशेर, रायपुर, सर्कट हाऊस. पी.ए.पी. व रैडीसन होटल) का भी चन्नी ने बायकाट किया था। पता चला है कि गुरचरण सिंह चन्नी को पार्टी द्वारा भी मनाने की कोशिशें बंद कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा सुखबीर सिंह बादल पार्टी प्रधान भी अब चन्नी से उनके अडिय़ल रवैये को देखते हुए काफी गुस्से में हैं। उन्होंने सोच लिया है कि चन्नी प्रोग्राम में आएं या न आएं, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पडऩे वाला है।
गत दिनों चन्नी व मक्कड़ अचानक जिलाधीश कार्यालय में इकट्ठे हो गए थे और उस समय चर्चा हुई थी कि सरकार ने ही जिलाधीश को इन दोनों का समझौता करवाने की ड्यूटी लगाई है लेकिन जिलाधीश ने इस बात को नकारते हुए कहा था कि ऐसा कुछ भी नहीं है। आज संगत दर्शन में न जाने संबंधी चन्नी से बात करनी चाही तो उन्होंने मोबाइल नहीं उठाया। गुरचरण सिंह चन्नी पर पिछले समय में सरकार काफी मेहरबान रही है। उन्हें काफी समय से जिला शहरी अकाली जत्थे का प्रधान बनाया हुआ है। सरकार के दोनों बार के कार्यकाल दौरान भी चन्नी जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन रहे हैं।