Edited By Updated: 03 Apr, 2017 02:41 PM
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना दर्द वयां करते हुए कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू और मनप्रीत बादल ने लालच करते हुए शिअद-भाजपा गठबंधन को धोखा दिया।
चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना दर्द वयां करते हुए कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू और मनप्रीत बादल ने लालच करते हुए शिअद-भाजपा गठबंधन को धोखा दिया। सिद्धू के लिए भाजपा ने बहुत कुछ दिया फिर भी उन्होंने मौका मिलते ही पार्टी का साथ छोड़ दल बदल लिया। ठीक यही काम इससे पहले मनप्रीत सिंह बादल ने किया।
प्रकाश सिंह बादल फरीदकोट में पूर्व कृषि मंत्री गुरदेव सिंह बादल के निधन पर उनके परिवार के साथ दुख सांझा करने आए थे। बादल ने स्व. गुरदेव बादल के बेटे सूबा सिंह बादल और उनके बाकी पारिवारिक सदस्योंं से दुख सांझा किया। उन्होंने कहा कि सारी उम्र शिरोमणि अकाली दल की सेवा में लगा दी। आजकल तो पदों के लालच में नेतागण पार्टी बदल जाते हैं।
फरीदकोट में पत्रकारों से बात करते हुए बादल ने कहा कि सिद्धू को भाजपा ने बहुत कुछ दिया पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी। ऐसे ही मनप्रीत बादल हमारी सरकार में वित्त मंत्री रहे पर उन्होंने भी पार्टी बदल ली। नशे के संबंध में उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने वायदा तो किया है कि नशे से राज्य मुक्त होगा, हर परिवार को नौकरी दी जाएगी, किसानों का कर्ज माफ होगा। अब देखते हैं कि कैप्टन सरकार क्या करती है। हम भी अभी इनको थोड़ा समय देंगे क्योंकि नई सरकार को सेट होने में थोड़ा वक्त तो लगता ही है।