Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jun, 2017 04:44 AM
राहगीरों से दोपहिया व चौपहिया वाहन कथित रूप से छीन कर आगे बेचने वाले एक......
लुधियाना(राम): राहगीरों से दोपहिया व चौपहिया वाहन कथित रूप से छीन कर आगे बेचने वाले एक गिरोह के 2 सदस्यों को पुलिस द्वारा काबू करने में सफलता हासिल की गई है। इसके बाद पुलिस ने छीनी गई आई-20 कार व एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू दी है।
प्रैस वार्ता में ए.डी.सी.पी. 4 जसदेव सिंह सिद्धू व ए.सी.पी. ईस्ट पवनजीत ने बताया कि माननीय जिला पुलिस कमिश्नर आर.एन. ढोके व डी.सी.पी. ध्रुमन निंबुले के आदेशों के तहत पुलिस द्वारा थाना डिवीजन नं. 7 के प्रभारी सतवंत सिंह की अगुवाई में ए.एस.आई. सुखविन्द्र सिंह की पुलिस पार्टी ने ताजपुर रोड पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक हरियाणा नम्बर की आई-20 कार जिस पर एच.आर. 12 ए.ए. 7714 नम्बर लगा हुआ था, आई, जिसमें 2 युवक सवार थे।
जब उक्त कार को रुकने का इशारा किया गया तो उक्त युवकों ने पुलिस पार्टी को देख कार को भगा ली, जो असंतुलित होकर एक खम्भे से जा टकराई। इस पर पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया। दोनों ने पूछताछ में माना कि यह कार उन्होंने छीनी थी, जिसे वह ताजपुर रोड पर बेचने के लिए आए थे। पुलिस द्वारा काबू किए गए युवकों की पहचान मंजीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव कुमाम बंगा, नवसेहर व गुरप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह निवासी नूरपुरा, थाना रायकोट के रूप में हुई है।
मुल्लांपुर के इलाके से छीनी थी कार: ए.डी.सी.पी. श्री सिद्धू ने बताया के उक्त कार पकड़े गए आरोपियों ने मुल्लांपुर दाखा थाना की हद से एक व्यक्ति से छीनी थी। जबकि गुरप्रीत सिंह से पुलिस ने चोरी का एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद किया है, जो उसने हठूर से चोरी किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ थाना डिवीजन नं. 7 में मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।