Edited By Updated: 11 Jan, 2017 07:44 PM
पंजाब और हरियाणा में शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान में कमी के कारण गलन वाली ठंड...
चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा में शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान में कमी के कारण गलन वाली ठंड की स्थिति बनी हुई है। हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा और दोनों राज्यों के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सुबह में धूप निकलने के बावजूद शीतलहर के कारण दोनों राज्यों में लोगों को बहुत ठंड महसूस हुई।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम पारा शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम पारा क्रमश: 1.6 और 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
हरियाणा के अंबाला में रात का तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में अगले 24 घंटों तक मौसम के शुष्क रहने की उमीद जताई है।