Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Sep, 2017 07:09 PM
होशियारपुर में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके पास से कथित रूप से 70 ग्राम हेरोइन और ....
होशियारपुर: होशियारपुर में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके पास से कथित रूप से 70 ग्राम हेरोइन और तीन देसी पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे इलानचेझियान ने बताया कि पुलिस ने कल रात जिले में एक कार को रोककर सुखदेव सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी सुरजीत सिंह भाग गया। उन्होंने बताया कि सुखा के खिलाफ सशस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि सुखा के खिलाफ जंडियाला और रांगर नांगल पुलिस थानों में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गुरदासपुर जिले का रहने वाला है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यहां मियानी रोड पर एक इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने एक कार को रूकने का इशारा किया। इस कार में ही दोनों आरोपी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कार रोकने के बजाय चालक ने यूटर्न लेने का प्रयास किया लेकिन वह ऐसा नहीं कर सका। पुलिस को अपनी ओर आता देख चालक गन्ने के खेतों में भागने लगा और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस सुखदेव को गिरफ्तार करने में सफल हो गई। उसके पास से 70 ग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सुखदेव ने बताया कि वह अन्य आरोपी सिंह के साथ मिल कर क्षेत्र में अपराधियों को हेरोइन और देसी पिस्तौलों की आपूॢत करता था। एसएसपी ने बताया कि उसे पुलिस रिमांड पर लेने के लिए यहां एक अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।