Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Aug, 2017 12:49 PM
कई जगह बाल काटे जाने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। आज भी विभिन्न जगह बाल कटने के 3 और मामले सामने आए हैं।
फिरोजपुर/गुरुहरसहाय/तलवंडी भाई(जैन, कुमार, आनन्द, आवला, गुलाटी): कई जगह बाल काटे जाने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। आज भी विभिन्न जगह बाल कटने के 3 और मामले सामने आए हैं।
फिरोजपुरछावनी के 24 क्वार्टर में रहने वाली एक महिला के अचानक बाल कट गए। जानकारी के मुताबिक बंटी पत्नी प्रदीप वाशरूम में गई थी कि जैसे ही बाहर आई तो उसके बाल कटकर नीचे गिर पड़े। बालों को जमीन पर पड़ा देखकर उसने चीख मारी और वह बेहोश हो गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्रित होने शुरू हो गए और परिजनों द्वारा उसको अस्पताल में भर्ती करवाया गया। समाचार लिखे जाने तक महिला कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी।
वहीं, गांव चक्क मेघा राय बहराम में शनिवार की सुबह करीब 9 बजे रवजीत कौर (38) पत्नी बलविन्द्र सिंह के अचानक बाल कट गए। इस संबंधी जानकारी मिलने के पश्चात लक्खोके बहराम के एस.एच.ओ. अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला के पति से सारी जानकारी हासिल की।
महिला के पति ने बताया कि रवजीत कौर सुबह 9 बजे बाथरूम में नहाकर बरामदे में चारपाई पर बैठे हुई थी, कुछ देर बाद जब वह चारपाई से उठी तो उसके बाल कटकर नीचे गिर पड़े। यह देखकर वह हैरान-परेशान हो गए। उसने आसपास देखा पर उसे कोई भी नजर नहीं आया, जिसने बाल काटे हों। मालूम हो कि महिला के बाल काटे जाने की घटना से क्षेत्र में महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है।
उधर, कमलजीत कौर पत्नी गुरप्रीत सिंह निवासी ठेठर कलां अपने घर रसोई का काम कर रही थी। एकदम उसको लगा कि उसके सिर के साथ कोई चीज टकराई है। इसके कुछ समय बाद उसकी चोटी कट कर नीचे गिर पड़ी, जिसके बाद उसके कोलाहल डालने पर लोग इकट्ठा हुए। पुलिस घट रही घटनाओं की जांच कर रही है।