Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Sep, 2017 05:06 PM
यू.पी. ए.टी.एस. और पंजाब पुलिस के संयुक्त ऑप्रेशन में यू.पी. के लखीमपुर जिले से काबू किए गए 2 संदिग्ध आतंकियों में से 1 को
नवांशहर (मनोरंजन): यू.पी. ए.टी.एस. और पंजाब पुलिस के संयुक्त ऑप्रेशन में यू.पी. के लखीमपुर जिले से काबू किए गए 2 संदिग्ध आतंकियों में से 1 को नवांशहर पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर कल देर शाम नवांशहर ले आई है जबकि दूसरे संदिग्ध को नाभा पुलिस ले गई है। नवांशहर पुलिस की ओर से काबू किए गए संदिग्ध को 21 सितम्बर को अदालत में पेश किया जाएगा। ये दोनों गिरफ्तारियां नवांशहर पुलिस की इनपुट पर हुई है।
}यू.पी. ए.टी.एस. ने नवांशहर पुलिस की इनपुट पर मंगलवार को यू.पी. के लखीमपुर जिले से पंजाब के 2 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि पकड़े गए आतंकियों में से एक नाभा जेल पटियाला से भागे अभियुक्तों को हथियारों की सप्लाई करने में वांछित था जबकि दूसरा को बब्बर खालसा के अभियुक्तों से संबंध के मामले में गिरफ्तार किया गया है। काबू किए गए 1 आरोपी जतिंदर सिंह को यू.पी. पुलिस ने लखीमपुर खीरी के मैलानी इलाके से देर रात गिरफ्तार किया है जिसका नाभा जेल ब्रेक कांड से जुड़े होने के कारण उसे नाभा पुलिस ले आई है।
सी.आई.ए. स्टाफ नवांशहर के इंचार्ज इंस्पैक्टर सुरिंदर चांद ने बताया कि पिछले दिनों यू.पी. ए.टी.एस. व नवांशहर पुलिस की ओर से काबू किए गए बलवंत सिंह से हुई पूछताछ में सामने आए अभियुक्त सतनाम सिंह निवासी सिकंदरपुर जिला लखीमपुर को सोमवार रात यू.पी. ए.टी.एस., नवांशहर पुलिस और लखीमपुर खीरी पुलिस ने संयुक्त आप्रेशन में गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों आभियुक्त पंजाब पुलिस को वंाछित थे। पंजाब पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ वारंट भी जारी किया था। उन्होंने बताया कि संदिग्ध सतनाम सिंह को कल अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सतनाम सिंह को पुलिस ने मुकंदपुर में हुई एक घटना संबंधी पहले ही नामजद किया हुआ है।