Edited By Updated: 16 Jan, 2017 01:51 AM
क्रिकेट से राजनीति में आए नवजोत सिंह सिद्धू काफी अटकलों के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद पहले उनकी आप और फिर कांग्रेस में जाने की अटकले लगाई जा रही थी।
नई दिल्लीः क्रिकेट से राजनीति में आए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के पूर्व सांसद नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आवास पर उन्हें औपचारिकरूप से पार्टी में शामिल किया।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया और कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष के साथ बैठक के बाद सिद्धू औपचारिकरूप से पार्टी में शामिल हो गए हैं। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरेन्द्र ने श्री सिद्धू के पार्टी में होने पर खुशी जताते हुए उनका स्वागत किया और कहा कि यह अच्छी खबर है और इससे प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होगी। श्री सिद्धू के लंबे समय से पार्टी में शामिल होने की चर्चा थी। उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू गत 28 नवंबर को कांग्रेस में शामिल हो गई थीं।