Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Dec, 2017 11:12 AM
सूबे के नगर निगमों के साथ जिले की एक मात्र नगर पंचायत नरोट जैमल सिंह के आज हुए चुनाव में राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने चुनावी जीत दर्ज करके हैट्रिक बनाई है।
पठानकोट(शारदा, आदित्य, मुनीश, अरुण): सूबे के नगर निगमों के साथ जिले की एक मात्र नगर पंचायत नरोट जैमल सिंह के आज हुए चुनाव में राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने चुनावी जीत दर्ज करके हैट्रिक बनाई है। इससे पहले कांगे्रस वि.स. व लोकसभा उप-चुनाव में शानदार जीत दर्ज कर चुकी है। लोकसभा उप-चुनाव के बाद नगर पंचायत नरोट जैमल सिंह का चुनाव भी सत्तापक्ष के लिए प्रतिष्ठा का सवाल था जिसमें भी कांग्रेस पार्टी ने भाजपा का सूपड़ा साफ करते हुए एकतरफा जीत हासिल करते हुए नगर पंचायत के सभी 11 वार्डों में विजय प्राप्त की है। वहीं भाजपा को 1 भी सीट नहीं मिली जिससे उसका सूपड़ा साफ हो गया।
नगर पंचायत नरोट जैमल सिंह के चुनाव में भोआ हलके के कांग्रेसी विधायक जोगिन्द्र पाल की आंधी इस बार भी खुलकर चली है जिनके हाथों में इस चुनाव का पूरा प्रबंधन था तथा उन्होंने इस चुनाव को जीतने के लिए अपनी व पार्टी वर्करों के साथ समर्थकों की पूरी ताकत झोंक दी थी। वहीं लोकसभा उप-चुनाव के बाद भोआ हलके में वि.स. चुनावों में जो भारी लीड का अंतर कम हो गया था, उससे कांग्रेसी वर्कर खासे रूआंसे थे परन्तु आज नगर पंचायत चुनाव में मिली एक तरफा जीत ने उनके बिगड़े मूड को फिर खुशनुमा बना दिया।
चुनाव में 86.40 प्रतिशत हुआ मतदान
मतदान की बात करें तो नगर पंचायत नरोट जैमल सिंह के कुल 11 वार्डों में 3553 मतदाता थे तथा 3070 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत चुनाव में मतदान प्रतिशत 86.40 प्रतिशत रहा। सबसे बड़ी जीत वार्ड नं.-5 से कांग्रेस की दीक्षा (276) ने भाजपा की उर्मिला (62) को 214 वोट की लीड से प्राप्त की, जबकि सबसे करीब हार भाजपा के अश्विनी को महज 8 वोटों से झेलनी पड़ी जिसे वार्ड नं.-9 राजेश कुमार (124) ने हराया। अश्विनी को 116 वोट मिले जो बिल्कुल करीबी हार है।
31 उम्मीदवार थे चुनावी समर में
वर्णनीय है कि नामांकन वापसी के बाद 9 आजाद उम्मीदवारों के साथ भाजपा व कांग्रेस के 11-11 प्रत्याशियों के साथ कुल 31 उम्मीदवार चुनावी समर में रह गए थे जिनका सियासी भाग्य आज नगर पंचायत चुनाव में मिली हार-जीत के बाद तय हो गया। सहायक रिटॄनग अधिकारी एवं तहसीलदार परमप्रीत सिंह गोराया ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा था। प्रशासन ने निष्पक्ष मतदान के लिए पुख्ता प्रबंध किए थे तथा किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद था।
जनता ने तीसरी बार भी कांग्रेस की लोकपक्षीय नीतियों पर लगाई जीत की मोहर : जोगिन्द्र पाल
वहीं ऐतिहासिक जीत से गद्गद् हलका विधायक जोगिन्द्र पाल ने कहा कि इलाके की जनता कांग्रेस को ही अपनी हितैषी व विकास करने वाली एक मात्र पार्टी मानती है। नगर पंचायत नरोट जैमल सिंह के चुनाव में भी जनता-जनार्दन ने तीसरी बार कांग्रेस की लोकपक्षीय नीतियों पर पक्की मोहर लगाई है तथा भाजपा अपनी करारी हार से बौखलाहट में आकर अनर्गल बयानबाजी कर रही है। विधायक अमित विज ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में केंद्र में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।