Edited By Updated: 28 Feb, 2017 12:50 AM
जिला पुलिस ने 20 फरवरी को जलालाबाद में दिन-दिहाड़े घुमियारा वाली बस्ती
फाजिल्का/जलालाबाद(नागपाल,लीलाधर,गुलशन): जिला पुलिस ने 20 फरवरी को जलालाबाद में दिन-दिहाड़े घुमियारा वाली बस्ती में हुई समाध के सेवादार के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। पता चला है कि हत्या करने वाला उसकी प्रेमिका का पति है। एस.एस.पी. कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए फाजिल्का के एस.एस.पी. डा. केतन बलिराम पाटिल ने बताया कि 20 फरवरी को जलालाबाद में बस्ती घुमियारा वाली स्थित समाध के सेवादार हंसा सिंह की दिन-दिहाड़े हत्या कर दी गई थी।
मृतक की पत्नी तारो बाई के बयान पर पुलिस द्वारा अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया था। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए गठित टीम ने जांच कर यह सामने लाया है कि समाध के सेवादार हंसा सिंह के समाध के निकट रहने वाले छिन्द्र सिंह की पत्नी गोगा रानी के साथ कथित अवैध संबंध थे। बताया जाता है कि छिन्द्र सिंह को इस संबंधी शक था। जब 20 फरवरी को हंसा सिंह प्रात: करीब 10 बजे समाध के निकट ही खेत में कामकाज के लिए गया तो योजना अनुसार छिन्द्र सिंह भी वहां पहुंच गया।
छिन्द्र सिंह ने खेत में बनी कोठड़ी में सांप होने का बहाना बना कर हंसा सिंह को अंदर बुला लिया तथा वहां पड़े बैड के नीचे सांप देखने को कहा। जैसे ही हंसा सिंह सांप देखने के लिए नीचे झुका तो उसने वहां पड़ी कुल्हाड़ी से उस पर वार किए और उसे मार कर वहां से चला गया। पुलिस ने सोमवार को छिन्द्र सिंह को जलालाबाद बस स्टैंड के निकट से गिरफ्तार कर लिया है।