Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 Aug, 2017 03:09 PM
गुरु गोबिंद सिंह सुपर थर्मल प्लांट रूपनगर में गत रात्रि एक कर्मचारी की रहस्यमय ढंग से मौत हो जाने का समाचार प्राप्त हुआ है।
घनौली (शर्मा): गुरु गोबिंद सिंह सुपर थर्मल प्लांट रूपनगर में गत रात्रि एक कर्मचारी की रहस्यमय ढंग से मौत हो जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थर्मल कर्मचारी गुरमेल सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासी गांव बजरूड़ तहसील श्री आनंदपुर साहिब जिला रूपनगर थर्मल प्लांट में बतौर ए.जे.एस. इलैक्ट्रीकल तैनात था।
14 अगस्त की रात को करीब 7 बजे थर्मल प्लांट के 220 के.वी. सब-स्टेशन की बस्सी पठाना लाइन का ट्रांसफार्मर जल गया था तथा उक्त डिवीजन से संबंधित समूह अधिकारियों तथा कर्मचारियों को बुला लिया गया। पता लगा है कि उक्त कर्मचारी की उक्त ट्रांसफार्मर के निकट सेफ्टी बैल्ट की मदद से ऊंचाई पर काम करते हुए मौत हो गई। सूचना मिलते ही थर्मल प्लांट के मुख्य इंजीनियर तथा अन्य उच्चाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए तथा करीब 20-25 फुट की ऊंचाई पर से कर्मचारी के शव को हाइड्रो क्रेन की मदद से नीचे उतारा गया।
घनौली पुलिस द्वारा शव पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत वारिसों के हवाले कर दिया गया पर मौत के असली कारणों का अभी तक पता नहीं लगा। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी, 4 लड़कियां तथा एक लड़का छोड़ गया है। कर्मचारी की ड्यूटी पर हुई अचानक मौत पर इम्प्लाइज फैडरेशन/पी.एस.ई.बी. पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष हरमेश धीमान, इंटक के प्रदेशाध्यक्ष सुखदेव सिंह, आर.टी.पी. इम्प्लाइज यूनियन के प्रधान कंवलजीत सिंह तथा एटक के प्रधान राजकुमार तिवाड़ी ने थर्मल मैनेजमैंट से मांग की कि उक्त कर्मचारी की मौत के असली कारणों का पता लगाया जाए तथा कर्मचारी के परिवार को इंसाफ दिया जाए।