Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Mar, 2018 07:50 AM
फाजिल्का उपमंडल की ढाणी बलवंत सिंह गांव घुरकां में एक पति द्वारा अपनी पत्नी को लोहे के सरिए के साथ पीटे जाने से उक्त महिला की मृत्यु हो जाने का समाचार है। पुलिस को दिए बयान में किसान परमजीत सिंह वासी गांव चक्क बजीदा (जलालाबाद) ने बताया कि उसके पिता...
फाजिल्का (नागपाल): फाजिल्का उपमंडल की ढाणी बलवंत सिंह गांव घुरकां में एक पति द्वारा अपनी पत्नी को लोहे के सरिए के साथ पीटे जाने से उक्त महिला की मृत्यु हो जाने का समाचार है। पुलिस को दिए बयान में किसान परमजीत सिंह वासी गांव चक्क बजीदा (जलालाबाद) ने बताया कि उसके पिता की कई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। पिता का एक भाई व दो बहनें हैं। उसकी एक बुआ कैलाश बाई का विवाह लगभग 15 वर्ष पहले ढाणी बलवंत सिंह गांव घुरकां वाली वासी छिन्द्रपाल सिंह के साथ हुआ था, जिनका लगभग 10 वर्षीय एक लड़का बॉबी सिंह भी है।
परमजीत सिंह ने बताया कि उसका फूफा शराब पीने का आदी है, जो उसकी बुआ कैलाश रानी के साथ हमेशा मारपीट करता था। कैलाश रानी उसे काम करने के लिए कहती थी और शराब पीने व भूमि बेचने से रोकती थी, जिस पर छिन्द्रपाल सिंह कैलाश रानी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल देता था। जिस पर बुआ उनके पास आ जाती थी। पंचायत में कई बार राजीनामा करवाया गया। लगभग डेढ़ महीना पहले छिन्द्रपाल सिंह ने कैलाश रानी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। तब से वह हमारे घर में रह रही थी। उसने बताया कि बॉबी सिंह की जिंदगी को देखते हुए वह बुआ कैलाश रानी को 8 मार्च को उसके घर छोड़ गया था तथा उसने बुआ को भरोसा दिया कि वह उसकी देखरेख के लिए उसके पास आता रहेगा।
गत दिवस जब वह अपने चाचा बलजीत सिंह के साथ अपनी बुआ कैलाश रानी के घर आए तो देखा कि उसका फूफा छिन्द्रपाल सिंह उसकी बुआ को सरिए से पीट रहा था और उनका बेटा बॉबी निकट रो रहा था। जब उन्होंने छिन्द्रपाल सिंह को मारपीट करने से रोका तो वह उन्हें धक्का मारकर घर से भाग गया। जब उसने व उसके चाचे ने कैलाश बाई को संभाला तो उसकी मृत्यु हो गई थी। थाना सदर पुलिस फाजिल्का ने मृतका के पति छिन्द्रपाल सिंह के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। मृतका का आज स्थानीय सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।