Edited By Updated: 30 Mar, 2017 08:06 AM
भोगपुर के गांव कोहजां में हुई एन.आर.आई. महिला की हत्या की गुत्थी जालंधर देहात पुलिस ने सुलझा ली है।
जालंधर(प्रीत): भोगपुर के गांव कोहजां में हुई एन.आर.आई. महिला की हत्या की गुत्थी जालंधर देहात पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने कुछ दिन पहले ही कनाडा से लौटी एन.आर.आई. महिला सुरिन्द्र कौर के पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पड़ोसी ने अपने 2 नजदीकी पेशेवर अपराधियों को साथ लेकर लूट व हत्या की वारदात को अंजाम दिया। 2 आरोपियों की तलाश की जा रही है। जालंधर देहात के एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 21 मार्च को गांव कोहजां में कनाडा से आई महिला सुरेन्द्र कौर पत्नी किरपाल सिंह की हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलने पर जालंधर के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात की जांच के लिए एस.पी.इन्वैस्टीगेशन वजीर सिंह के नेतृत्व मे डी.एस.पी. इन्वैस्टीगेशन सुरेन्द्र मोहन, डी.एस.पी. आदमपुर तेजबीर सिंह, सी.आई.ए. इंस्पैक्टर हरिन्द्र सिंह गिल तथा थाना भोगपुर के एस.एच.ओ. परमिंद्र सिंह पर आधारित टीम गठित की गई और वारदात के हरेक पहलू को गहराई से खंगाला गया।
क्या कहते हैं एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर
एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने महिला के पड़ोसी युवक मनजिन्द्र सिंह उर्फ ङ्क्षचटू पुत्र बलबीर राम वासी गांव कोहजां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में माना कि उसने अपने 2 साथियों अमनजीत सिंह उर्फ वीरू पुत्र सुच्चा सिंह तथा मनवीर सिंह पुत्र हरविन्द्र सिंह वासी गांव भट्ठे, बुल्लोवाल (होशियारपुर) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया । एस.एस.पी. ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या की वारदात के दौरान लूटे गए गहने भी फरार आरोपियों के पास ही हैं।
पेशेवर अपराधी हैं अमनजीत व मनवीर
एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अमनजीत व मनवीर दोनों पेशेवर अपराधी हैं। अमनजीत के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, हत्या का प्रयास, नशीले पदार्थों की तस्करी, असला एक्ट सहित संगीन आरोपों के 15 केस तथा मनवीर के खिलाफ भी लूट, हत्या के प्रयास आदि संगीन आरोपों के 13 केस दर्ज हैं। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मनजिन्द्र ने रची थी लूट की साजिश
एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनजिन्द्र सिंह 2 मार्च को ही दुबई से लौटा है। काम धंधा न होने के कारण वह अपने साथी अमनजीत व मनवीर सिंह के साथ मिलकर नशे करता और आवारागर्दी करता था। उसे पता था कि सुरेन्द्र कौर कनाडा से आई है और आर्थिक रूप से समृद्ध है। वारदात से एक दिन पहले मनजिन्द्र ने किराए की इनोवा गाड़ी में अमनजीत व मनवीर को वारदात के लिए घटनास्थल की रैकी करवाई। वह दोनों को इनोवा गाड़ी में गांव कोटली अराइयां से लेकर आया। वारदात की रात वह दोनों आरोपियों को लेकर आया और सुरेन्द्र कौर के घर के बाहर उतार कर चला गया। दोनों आरोपी अमनजीत व मनवीर दीवार फांद कर भीतर घुसे और उन्होंने तेजधार हथियारों से सुरेन्द्र कौर की हत्या कर दी गहने आदि लूट कर बाहर आ गए। आरोपी मनजिन्द्र सिंह ने दोनों को गाड़ी में बिठाया और वापस कोटली अराइयां छोड़ आया। मनजिन्द्र ने पुलिस को बताया है कि तीनों में फैसला हुआ था कि मामला ठंडा होते ही वे लूट के गहने आपस में बांट लेंगे।