Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 Oct, 2017 10:49 AM
पंजाब सरकार के लोकल बॉडीज विभाग ने जालंधर नगर निगम की नई वार्डबंदी को फाइनल कर दिया है। एक-दो दिन में नई वार्डबंदी की नोटीफिकेशन जारी की जा रही है। 17 अक्तूबर को नई वार्डबंदी का नक्शा टाऊन हाल में डिस्पले कर दिया जाएगा, जहां आम पब्लिक इसे देख पाएगी।...
जालंधर(खुराना): पंजाब सरकार के लोकल बॉडीज विभाग ने जालंधर नगर निगम की नई वार्डबंदी को फाइनल कर दिया है। एक-दो दिन में नई वार्डबंदी की नोटीफिकेशन जारी की जा रही है। 17 अक्तूबर को नई वार्डबंदी का नक्शा टाऊन हाल में डिस्पले कर दिया जाएगा, जहां आम पब्लिक इसे देख पाएगी। पता चला है कि पंजाब सरकार द्वारा पारित नए निर्देशों के अनुसार नई वार्डबंदी पर आम जनता से ऑब्जैक्शन लेने का समय 10 दिन रखा जाएगा। पहले यह समय 1 माह हुआ करता था।
अब दिसम्बर में संभव हैं निगम चुनाव
वार्डबंदी में हो रही देरी से लग रहा था कि निगम चुनाव अगले साल तक टल सकते हैं परन्तु गुरदासपुर उपचुनाव में कांग्रेस की भारी जीत को भुनाने की खातिर पंजाब सरकार ने अब निगम चुनाव दिसम्बर में ही करवाने का फैसला ले लिया है। इसी के मद्देनजर जनता से ऑब्जैक्शन मांगने की अवधि भी घटा दी गई है।
कई अकाली-भाजपा दिग्गजों के गढ़ टूटे
इस बार कांग्रेसियों ने नगर निगम की वार्डबंदी अपने हिसाब से करवाई है। विधायक राजिंद्र बेरी, बावा हैनरी व सुशील रिंकू ने तो खुद कई चक्कर चंडीगढ़ लगाकर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के वार्ड बनवाए जबकि छावनी क्षेत्र में इस कार्य की देखरेख बलराज ठाकुर के जिम्मे रही। नई वार्डबंदी में कई अकाली-भाजपा दिग्गजों के वार्ड इधर-उधर कर दिए गए हैं और कइयों को महिला वार्ड बना दिया गया है। पता चला है कि कुछ कांग्रेसी विधायकों ने अपने विरोधी कांग्रेसियों के वार्डों में काफी हेरफेर करवाया है। नई वार्डबंदी में सबसे ज्यादा आरक्षित वार्ड सुशील रिंकू के वैस्ट विधानसभा क्षेत्र में बने हैं, जिनकी संख्या 16 बताई जा रही है।