Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Oct, 2017 05:06 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह दिसम्बर के शुरू में प्रस्तावित कार्पोरेशन चुनावों से पूर्व बड़े महानगरों का दौरा करके इन शहरों के लिए नए विकास प्रोजैक्टों का ऐलान करेंगे तथा साथ ही करोड़ों रुपए के प्रोजैक्टों का शुभारंभ करवाने का ऐलान...
जालन्धर(धवन) : पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह दिसम्बर के शुरू में प्रस्तावित कार्पोरेशन चुनावों से पूर्व बड़े महानगरों का दौरा करके इन शहरों के लिए नए विकास प्रोजैक्टों का ऐलान करेंगे तथा साथ ही करोड़ों रुपए के प्रोजैक्टों का शुभारंभ करवाने का ऐलान किया जाएगा। गुरदासपुर लोकसभा सीट के उप चुनाव से पहले भी मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने गुरदासपुर के लिए विकास प्रोजैक्टों की झड़ी लगा दी थी जिसके बाद कांग्रेस ने बड़ी आसानी से गुरदासपुर उप चुनाव जीत लिया था। सरकारी हलकों से पता चला है कि मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह के जालन्धर, अमृतसर, पटियाला व लुधियाना के लिए कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि इन कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विकास प्रोजैक्टों का ऐलान किया जाएगा। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सबसे पहले 25 अक्तूबर को जालन्धर आ रहे हैं यहां उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए अधिकारियों द्वारा उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के जालन्धर दौरे के बाद अन्य महानगरों जैसे अमृतसर, लुधियाना, पटियाला के दौरे भी करवाए जा सकते हैं तथा इन शहरों के लिए भी मुख्यमंत्री द्वारा ग्रांटों का ऐलान किया जा सकता है। सरकारी हलकों ने बताया कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह इंगलैड दौरे पर जाने से पहले लुधियाना के लिए कई प्रोजैक्टों का ऐलान कर गए थे। अभी भी लुधियाना के लिए कई और प्रोजैक्ट विचाराधीन है जिनका ऐलान मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेसी विधायकों के साथ चर्चा करने के बाद किया जा सकता है।
इसी तरह से मुख्यमंत्री अपने गृह जिले पटियाला के लिए भी कई अहम प्रोजैक्टों का ऐलान कर सकते हैं। जालन्धर, अमृतसर, पटियाला व लुधियाना के लिए विकास प्रोजैक्टों का ऐलान करके सरकार विरोधी दलों के मुंह पर ताले लगाना चाहती है जो यह प्रचार कर रहे थे कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसा नहीं है। कार्पोरेशन चुनावों की तारीखों का ऐलान अभी होना बाकी है परन्तु मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह कार्पोरेशन चुनाव दिसम्बर के पहले सप्ताह में करवाने के इच्छुक बताए जाते हैं। कार्पोरेशन चुनाव की तारीख काफी हद तक वार्डबंदी की चल रही प्रक्रिया पर भी निर्भर करेंगी। दूसरी ओर कांग्रेसी हलकों ने बताया कि कार्पोरेशन चुनावों की कमान मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ के हाथों में रहेगी। चूंकि कार्पोरेशन चुनाव लोकल बाडी महकमे से जुड़े हुए हैं इसलिए स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की सेवाएं भी सरकार द्वारा ली जाएंगी। अगले कुछ दिनों में कांग्रेस कार्पोरेशन चुनावों को लेकर अपनी रणनीति का ऐलान कर देगी। कांग्रेस के मंत्रियों की ड्यूटियां चारों महानगरों में कार्पोरेशन चुनावों के लिए लगाई जाएंगी।