Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Mar, 2018 03:13 PM
मौसम में आए बदलाव कहें या ग्लोबल वार्मिंग का असर, इन दिनों होशियारपुर में मार्च महीने के शुरुआत में ही पड़ रही...
होशियारपुर(अमरेन्द्र): मौसम में आए बदलाव कहें या ग्लोबल वार्मिंग का असर, इन दिनों होशियारपुर में मार्च महीने के शुरुआत में ही पड़ रही गर्मी से लोगों के पसीने छूट रहें हैं। मार्च महीने के दूसरे सप्ताह में ही अप्रैल सी गर्मी का अहसास होने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण मार्च महीने के अंत तक तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। होशियारपुर में अमूमन मार्च के अंतिम सप्ताह में तापमान 33 डिग्री के करीब पहुंचता है।
सुबह 10 बजे पारा 28 डिग्री पार
गौरतलब है कि मार्च के अंतिम सप्ताह के बाद पारा 35 डिग्री के पार पहुंचता था लेकिन जलवायु परिवर्तन व हरियाली की कमी के चलते मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तेजी से पारा बढ़ रहा है। मार्च में 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला पारा 31 डिग्री के पार पहुंच चुका है। तपिश का आलम यह है कि सुबह 10 बजे ही पारा 28 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाता है। तापमान तेजी से बढऩे के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा है। वहीं, डॉक्टरों का सुझाव है कि ज्यादा धूप से बचें। साथ ही गर्मी में अधिक से अधिक पानी पीएं।
क्या है तापमान बढऩे की वजह
इस साल गर्मी मार्च में ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। सोमवार को दिन का पारा सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। पिछले साल 12 मार्च को जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। वहीं इस साल 12 मार्च को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ हैं। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डा. सुरेन्द्र पाल के अनुसार ऊपरी सतह पर हवा का रुख विपरीत है यानी एंटी क्लॉक वाइज चल रही है। इसीसे तापमान के साथ तपिश बढ़ी है। वहीं, वातावरण की नमी में गिरावट आई है, इससे भी तापमान बढ़ रहा है।