Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Sep, 2017 12:22 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से मिलकर आज प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनोज अरोड़ा ने दोआबा के हालात की जानकारी दी।
जालंधर (धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से मिलकर आज प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनोज अरोड़ा ने दोआबा के हालात की जानकारी दी। कैप्टन आज होशियारपुर जिला में कुछ समय के लिए रुके थे। हैलीपैड पर पहुंचे मनोज ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोआबा में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है तथा आने वाले कार्पोरेशन चुनावों में कांग्रेस भाजपा-अकाली दल को पराजित करने में कामयाब रहेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मनोज से कई विषयों पर बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने उन्हें कहा कि वह पार्टी की मजबूती के लिए काम करें तथा पंजाब की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को आम जनता के बीच लेकर जाएं। इस अवसर पर कई कांग्रेसी विधायक भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री को मनोज ने बताया कि शहरों में भाजपा के मेयरों के कार्यकाल के दौरान विकास कार्यों में तेजी नहीं आ सकी तथा भ्रष्टाचार चरम पर रहा। अब भाजपा मेयरों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है तथा अब उम्मीद की जाती है कि प्रशासकों की नियुक्तियां होने से शहरों में विकास कार्यों में तेजी आ सकेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कार्पोरेशन चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं तथा कांग्रेसी कौंसलर व अन्य नेता घर-घर जाकर अमरेन्द्र सरकार की उपलब्धियों के बारे में जनता को जानकारी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता इस बात से खुश है कि कैप्टन सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य में नशों पर पूरी तरह से रोक लग गई है। सरकार ने अब बेरोजगार लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए घर-घर नौकरी के कार्यक्रम को भी शुरू कर दिया है। कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस अपने सभी चुनावी वायदों को पूरा करेगी।