Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Aug, 2017 09:56 AM
भाखड़ा डैम से ज्यादा पानी आने के कारण ब्यास दरिया का सारा मंड क्षेत्र पानी में डूब जाने से गांव चम्बा कलां की लगभग 1700 एकड़ फसल तबाह होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
तरनतारन (रमन): भाखड़ा डैम से ज्यादा पानी आने के कारण ब्यास दरिया का सारा मंड क्षेत्र पानी में डूब जाने से गांव चम्बा कलां की लगभग 1700 एकड़ फसल तबाह होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गांव चम्बा कलां निवासी किसान सतपाल सिंह पुत्र मोहन सिंह और उसके भाई प्रिथीपाल सिंह ने बताया कि उन दोनों भाईयों की 45 एकड़ फसल पानी में पूरी तरह डूब चुकी है। उनकी फसल हर वर्ष खराब हो जाती है। इस संबंधी कभी तो उनको सरकारी तौर पर मुआवजा धक्के खाकर मिल जाता है और कभी नहीं मिलता।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से मांग की है कि सरकार उनकी इस जमीन को अच्छे मूल्य पर खरीद ले ताकि वे किसी अन्य जगह पर कृषि भूमि खरीद कर अपने परिवार का पेट भर सकें। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर वर्ष पानी के बहाव को रोकने पर लाखों रुपए खर्च करती है, परंतु उसका कोई लाभ न होने पर सरकारी खजाने के साथ-साथ किसानों का भारी नुक्सान होता साफ नजर आ रहा है।
किन किसानों का हुआ भारी नुक्सान
गुरबचन सिंह , बलकार सिंह और तीर्थ तीनों भाईयों की कुल 175 एकड़ फसल, हरजीत सिंह पुत्र गुरप्रताप सिंह की 14 एकड़, गुरवेल सिंह पुत्र जरनैल सिंह की 15 एकड़, अंग्रेज सिंह पुत्र साधु सिंह की 12 एकड़, दलबीर सिंह , सुखदेव सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह (तीनों भाईयों) की कुल 200 एकड़ फसल पानी की मार में आकर नष्ट हो गई है। उन्होंने बताया कि चम्बा कलां, घड़का, धुन्न ढाए वाला, करमूवाला, धूंदा, कंबोय, मंड आदि गांवों में पानी से काफी नुक्सान हुआ है। इन गांवों में करीब 12 फुट तक पानी खड़ा नजर आ रहा है व लोगों का काफी बुरा हाल है।
जब तक सूखेगा पानी, तब तक बिजाई का निकल चुका होगा समय
मंड क्षेत्र में पानी अधिक खड़ा होने के कारण जंगल के जानवरों द्वारा मंड के ऊंचे क्षेत्रों में मौजूद फसल को खराब कर दिया जाएगा, जब तक पानी सूखेगा तब तक गेहूं की फसल की बिजाई का समय भी निकल जाता है, जिसकी किसानों को मार भी झेलनी पड़ती है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उनको 50,000 रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा शीघ्र दिया जाए।
विधायक सिक्की और डी.सी. सभ्रवाल ने किसानों की समस्याएं सुनीं
हलका खडूर साहिब के विधायक रमनजीत सिंह सिक्की और डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार सभ्रवाल ने दरिया ब्यास के साथ लगते गांव भैल ढाए वाला, जौहल ढाए वाला, मुंडापिंड, घड़का, गुज्जरपुरा और करमूवाला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। विधायक सिक्की ने कहा कि बाढ़ के पानी की मार में आई जमीनों की गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को नष्ट हुई फसलों का योग्य मुआवजा दिया जाएगा। हलके के किसानों को किसी भी प्रकार की कोई मुश्किल नहीं आने दी जाएगी।