Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Jan, 2018 09:24 AM
50 वर्षीय व्यक्ति ने मंगलवार दोपहर जस्सियां रोड पर पहले अपनी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर लिया। राहगीरों ने लहूलुहान अवस्था में उपचार के लिए एम्बुलैंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया।
लुधियाना (ऋषि, सहगल): 50 वर्षीय व्यक्ति ने मंगलवार दोपहर जस्सियां रोड पर पहले अपनी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर लिया। राहगीरों ने लहूलुहान अवस्था में उपचार के लिए एम्बुलैंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल आते ही तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी और पहली मंजिल पर आ गिरा। मानसिक तौर पर परेशान व्यक्ति ने एक दिन में 2 बार आत्म हत्या करने का प्रयास किया।
थाना डिवीजन नं. 4 के प्रभारी इंस्पैक्टर राजवंत सिंह ने बताया कि घायल की पहचान करनाल, हरियाणा के रहने वाले रमेश कुमार के रूप में हुई है। अब तक की जांच में सामने आया है कि वह कई वर्षों से लुधियाना में अकेला रह रहा है और मानसिक तौर पर परेशान है। उसने बताया कि वह घंटाघर के आसपास ही सोकर अपना गुजार करता है।मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे उसने जस्सियां रोड पर अपनी गर्दन पर तेजधार हथियार मार लिया। पास से गुजर रहे रमेश कुमार नामक व्यक्ति ने लहूलुहान अवस्था में देख पुलिस और एम्बुलैंस को सूचना दी। जिसके बाद तुरंत सिविल अस्पताल लाया गया।
कुछ देर एमरजैंसी में रहने के बाद वह अस्पताल की तीसरी मंजिल पर चला गया। जहां उसने आप्रेशन थिएटर के बाहर लगे शीशे को तोड़ा और फिर नीचे छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार घायल के गर्दन और सिर पर 4-4 टांके लगे हैं। इसके अलावा शरीर पर कई चोटें हैं। पुलिस उसके परिवार के बारे में पता करवाने में जुटी है।