Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Jul, 2017 02:12 PM
समाना शहर की पॉश बस्ती आनंद कालोनी के एक परिवार में बड़े भाई द्वारा अपनी दोनों पढ़ी-लिखी बहनों को पिछले 10 वर्षों से घर में
समाना (शशिपाल) : समाना शहर की पॉश बस्ती आनंद कालोनी के एक परिवार में बड़े भाई द्वारा अपनी दोनों पढ़ी-लिखी बहनों को पिछले 10 वर्षों से घर में बंधक बना कर रखने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा एक लड़की की विवाहिता सहेली द्वारा उनसे मिलने आने पर देखी उनकी स्थिति के बाद हुआ। उनकी सहेली ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने दोनों लड़कियों को घर से छुड़वा कर उनकी माता के साथ तुरंत उपचार के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में उपचाराधीन लड़कियों किरण (38) एवं भावना (35) के साथ पहुंची उनकी माता कमलजीत कौर पत्नी स्व. सुखदेव मुनि ने पत्रकारों को बताया कि 10 साल पहले उसके पति की मौत के बाद बड़े बेटे ने दोनों बेटियों को परेशान करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी बी.ए. पास व कम्प्यूटर जानती है, जबकि छोटी बेटी 12वीं पास है। दोनों लड़कियां पहले निजी स्कूल में तथा घर पर ट्यूशन करती रही हैं लेकिन बड़े बेटे ने उनसे घर हथियाने की नीयत से उन्हें तंग करना शुरू कर दिया व अपनी शादी के बाद पति-पत्नी ने उनको ट्यूशन व टीचिंग कराना बंद कर घर में ही बंधक की भांति रख लिया।
जब कभी वे बाहर बैठने की कोशिश करतीं तो उनके साथ मारपीट की जाती और एक समय खाने को मिलता। इस संबंध में सिटी पुलिस के जांच अधिकारी साहिब सिंह ने बताया कि दोनों लड़कियों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया है और उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस जांच के बाद अपनी कार्रवाई करेगी।