Edited By Updated: 22 Apr, 2017 07:33 PM
23 अप्रैल को दिल्ली में होने वाले एम.सी.डी. चुनाव को जहां...
चंडीगढ़: 23 अप्रैल को दिल्ली में होने वाले एम.सी.डी. चुनाव को जहां अरविन्द केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के लिए जीने-मरने की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं भगवंत मान इसको छोटा चुनाव मान रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015 के दौरान जमकर चुनाव प्रचार करने वाले भगवंत मान ने इस बार एक भी चुनावी रैली में हिस्सा नहीं लिया। इस पर जब पंजाब केसरी की ओर से भगवंत मान को चुनाव प्रचार से दूर रहने का कारण पूछा तो मान ने कहा कि एम.सी.डी. चुनाव छोटा-मोटा चुनाव है, इसलिए उन्होंने इनमें हिस्सा नहीं लिया।
गौरतल है कि पंजाब और गोवा के विधानसभा चुनाव में जबरदस्त हार के बाद आम आदमी पार्टी निराशा के आलम में डूबी नजर आ रही है। 9 अप्रैल को दिल्ली के राजौरी गार्डन में हुए उप चुनाव के दौरान भी पार्टी को बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा और पार्टी उम्मीदवार अपनी जमानत भी न बचा सके। आम आदमी पार्टी के लिए दिल्ली एम.सी.डी. चुनाव काफी अहम होगा, एम.सी.डी. चुनाव केजरीवाल के राजनीतिक भविष्य का फैसला भी करेगा। यदि आम आदमी पार्टी को दिल्ली चुनाव में उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिलते तो इसे पार्टी का राजनीतिक पतन के तौर पर देखा जाएगा।