Edited By Punjab Kesari,Updated: 04 Jan, 2018 12:18 PM
शादी विवाह को यादगार बनाने के लिए लोग नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
कपूरथलाः शादी विवाह को यादगार बनाने के लिए लोग नए-नए तरीके अपना रहे हैं। एन.आर.आई. जहां हैलीकाप्टर पर बारात लेकर आ रहे हैं, वहीं भांजे के विवाह पर एक ननिहाल परिवार ने विलक्षण तरीका अपनाया। पंजाबी सभ्याचार से ओतप्रोत ननिहाल परिवार बैलगाड़ी पर पहुंचा।
गांव भाणोलंगा के सोहन सिंह के बेटे हरजीत सिंह विवाह गांव भेटां की लड़की से हुआ। भांजे हरजीत सिंह के घर ननिहाल परिवार की ओर से मेल करवाने की परंपरा को निभाने के लिए हरजीत के मामा सरवन सिंह नौरंगपुर जालंधर के गांव नौरंगपुर से अनोखे तरीके से गांव भाणोलंगा पहुंचे। हरजीत के मामा सरवन सिंह, फूफा साधू सिंह सैदोवाल पूरे रिश्तेदारों के साथ फूलों और लाउड स्पीकरों वाली बैलगाड़ी पर बैठकर गांव भाणोलंगा पहुंचे।
पंजाब के पुरातन सभ्याचार की तस्वीर की पेश करते इस ननिहाल परिवार को देखने के लिए गांव के लोग घरों की छतों पर उमड़ आए। बाकायदा रिश्तेदार पंजाबी सभ्याचार, घाघरे और फुलकारियां ओढ़कर आए, वहीं गबरू चिट्ठे कुर्ते चादरें और हाथों में सम्मा वाली डांग लिए थे। 31 दिसंबर को हरजीत सिंह का विवाह गांव भेटां में हुआ। साधू सिंह व सरवन सिंह ने कहा कि आज के युवाओं को पुरातन पंजाब से रूबरू करवाने के लिए उन्होंने इस तरीके को चुना, जिससे यूथ को अपने अमीर पंजाबी सभ्याचार के बारे में जानकारी मिल सके।