Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Nov, 2017 10:43 AM
शुक्रवार का दिन खेलों के लिहाज से जालंधर के लिए शुभ रहा। शहर के 2 जूनियर खिलाडिय़ों ने विभिन्न स्थानों
जालंधर: शुक्रवार का दिन खेलों के लिहाज से जालंधर के लिए शुभ रहा। शहर के 2 जूनियर खिलाडिय़ों ने विभिन्न स्थानों पर हुई राष्ट्रीय स्तर की 2 अलग-अलग खेलों की प्रतियोगिताओं में गोल्ड मैडल जीते। शहर को पहला गोल्ड जूनियर शूटर अगमबीर सिंह भाटिया ने दिलाया।
अगमबीर गाजियाबाद में हुई सी.बी.एस.ई. की राष्ट्रीय स्कूल शूटिंग चैम्पियनशिप में प्रथम रहे जबकि दूसरा गोल्ड गुरनवजीत सिंह भाटिया ने गोल्फ में जीता। गुरनवजीत मुम्बई में हुए आई.जी.यू. आल इंडिया सब-जूनियर एंड फीडर टूर फाइनल-2 में पहले स्थान पर रहे। अगमबीर ने गाजियाबाद के खैतान पब्लिक स्कूल में आयोजित सी.बी.एस.ई. की अंडर-40 नैशनल शूटिंग चैम्पियनशिप के 10 मीटर पिस्टल इवैंट में गोल्ड मैडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता में अगमबीर को हरियाणा के खिलाडिय़ों से कड़ी टक्कर मिली लेकिन उन्होंने खेल पर पूरा फोकस बनाए रखा और गोल्ड पर निशाना साधा। इस प्रतियोगिता में देश भर से 200 से ज्यादा खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया था। इससे पहले अगमबीर ने इसी प्रतियोगिता के नॉर्थ जोन कम्पीटिशन में तीसरा स्थान हासिल किया था। इस प्रतियोगिता को युवा एवं खेल मंत्रालय की मान्यता हासिल है। अगमबीर को इस जीत के बाद फरवरी में दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘खेलो इंडिया’ कम्पीटिशन में भी एंट्री मिल गई है। ‘खेलो इंडिया’ के टॉप फाइव शूटरों का चयन 2024 के ओलिम्पिक कार्यक्रम के लिए होगा।
21 और 22 अक्तूबर को नार्थ जोन सब-जूनियर और फीडर मुकाबले में जीत हासिल करने वाले शहर के युवा गोल्फर गुरनवजीत सिंह ने 15 से 17 नवम्बर तक मुम्बई में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी एकाग्रता के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया और 10 साल की उम्र में पहली बार नैशनल चैम्पियनशिप में जीत हासिल की। जीत में गुरनवजीत के कोच जोन की अहम भूमिका रही जिन्होंने इस नन्हे गोल्फर को प्रतियोगिता में पल-पल अपनी रणनीति और खेल पर फोकस रखने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले गुरनवजीत अमरीका में हुई बच्चों की विश्व स्तरीय गोल्फ प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं और इस दौरान वह 40वें स्थान पर रहे थे। गुरनवजीत 4 साल की उम्र से गोल्फ सीख रहे हैं और इस दौरान वह जालंधर के पी.ए.पी. गोल्फ कोर्स के अलावा लुधियाना से इम्पीरियल गोल्फ कोर्स में खेल का अभ्यास करते हैं। इस दौरान सुनील उनका पूरा सहयोग करते हैं।