Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Jan, 2018 12:27 PM
आप ने अक्सर ही दो हाथों से पगड़ी बांधते लोगों को देखा होगा लेकिन हम आपको दिखाने जा रहे हैं, एक हाथ से पगड़ी बांधने वाले हाथ के कारीगर गुरशानदीप सिंह के साथ।
जालंधर(सुनील महाजन): आप ने अक्सर ही दो हाथों से पगड़ी बांधते लोगों को देखा होगा लेकिन हम आपको दिखाने जा रहे हैं, एक हाथ से पगड़ी बांधने वाले हाथ के कारीगर गुरशानदीप सिंह के साथ।
जालंधर की बी.एस.एफ. कालोनी का रहने वाला 12 वर्षीय गुरशानदीप एक हाथ से बहुत ही सुंदर पगड़ी सजाता है। जन्म से ही एक हाथ न होने के कारण गुरशान ने न तो कभी ईश्वर को कोसा और न ही कभी पछतावा किया, बल्कि बचपन से ही दूसरे सरदार लड़कों से प्रेरित होकर पगड़ी बांधनी शुरू कर दी। गुरशान ने बताया कि उसने चार साल से ही कभी मां की दुपट्टा और कभी पिता की पगड़ी लेकर पगड़ी बांधने की कोशिश करनी शुरू कर दी थी और अब वह पटियाला शाही, अमृतसरी और भी कई तरह की पगड़ी बांध लेता है।
गुरशान के पिता दलीप सिंह ने ईश्वर का शुकराना करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है कि वह एक हाथ से ही इतनी सुंदर पगड़ी सजाता है। बता दें कि गुरशान अब तक कई पगड़ी मुकाबलों में हिस्सा ले चुका है, जिस में वह अपने हुनर के कारण कई बार विजेता रहा है।