Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Dec, 2017 05:13 AM
भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर में पैदा हुआ तूफान लगातार बवंडर बनता जा रहा है।
जालंधर (पाहवा): भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर में पैदा हुआ तूफान लगातार बवंडर बनता जा रहा है। पूर्व विधायक के.डी. भंडारी व रवि महेंद्रू तथा निकाय चुनावों में हारने वाले अन्य नेताओं के बीच खींचतान का मामला अब संघ के दरबार में पहुंच गया है जिसके बाद इस मामले में भाजपा भी गंभीर होने लगी है।
मंगलवार को देर रात तक भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश शर्मा के साथ रवि महेंद्रू व अन्य नेताओं की बैठक के बाद आज मामले को लेकर नया मोड़ आया है। जिला अध्यक्ष को शिकायत सौंपने से संतुष्ट होकर रवि महेंद्रू ने आज संघ के कुछ पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर उनके आगे भी यह मामले उठाया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देर सायं रवि महेंद्रू अमृतसर में संघ के कुछ आला पदाधिकारियों से मिले हैं तथा उन्हें पूर्व विधायक के.डी. भंडारी के खिलाफ प्रमाण सौंपे हैं। महेंद्रू ने आरोप लगाया है कि निकाय चुनावों में उन्हें हराने के लिए भंडारी ने गेम प्लान बनाया था तथा उनके साथ-साथ मिंटा कोछड़ व गोपाल गुप्ता को हराने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपनाने को कहा था। इस संबंध में भंडारी की कुछ रिकार्डिग भी इन लोगों के पास पहुंची हैं जिनमें कथित तौर पर वर्करों को धमकाए जाने का आरोप है। रवि महेंद्रू ने यह रिकाॄडग व कुछ अन्य प्रमाण संघ के पदाधिकारियों को सौंपे हैं। इस संबंध में रवि महेंद्रू से सम्पर्क किया गया लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
भंडारी व रवि के बीच कालिया
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस से पहले तक शहर में केंद्रीय व नार्थ विधानसभा हलका सदा ही एक-दूसरे को लेकर सुॢखयों में रहे हैं। नार्थ हलके के विधायक रहे के.डी. भंडारी तथा केंद्रीय हलके के विधायक रहे मनोरंजन कालिया में अक्सर छत्तीस का आंकड़ा रहा है। बेशक दोनों नेताओं के बीच जायदाद को लेकर कोई विवाद नहीं है लेकिन इन नेताओं के चेलों को लेकर अक्सर आपसी विवाद बढ़ता रहता है। कालिया के खासमखास रवि महेंद्रू तथा भंडारी में छत्तीस का आंकड़ा है। रवि महेंद्रू जहां भंडारी के क्षेत्र से टिकट की दावेदारी जताते हैं, वहीं भंडारी पर रवि महेंद्रू को मिलने वाली मेयर की कुर्सी छीनने का आरोप है।
मीडिया में बातचीत के दौरान पूर्व विधायक के.डी. भंडारी ने रवि महेंद्रू का नाम लेकर कहा कि वह मेयर न बन पाने की टीस निकाल रहे हैं। भंडारी का यह सीधा आरोप रवि के साथ-साथ मिंटा कोछड़ व राम गोपाल गुप्ता पर भी था। अब चर्चा यह है कि रवि जोकि कालिया के खास हैं, के साथ भंडारी का चल रहा विवाद क्या करवट लेगा? कुछ लोग कह रहे हैं कि भंडारी व रवि के बीच कालिया समझौता करवा सकते हैं लेकिन राजनीति के माहिर ऐसा होने की संभावना से यह कहकर इन्कार कर रहे हैं कि भंडारी व कालिया के बीच का अस्थायी समझौता किसी तीसरे की खातिर है।