Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Aug, 2017 02:19 PM
किसानी मांगों को लेकर भाकियू एकता (सिद्धूपुर) के जेल भरो आंदोलन के तहत आज लगभग 38 महिलाओं सहित 158 किसानों ने गिरफ्तारी दी। इन किसानों में से 21 को जेल भेज दिया गया।
भटिंडा (परमिंद्र): किसानी मांगों को लेकर भाकियू एकता (सिद्धूपुर) के जेल भरो आंदोलन के तहत आज लगभग 38 महिलाओं सहित 158 किसानों ने गिरफ्तारी दी। इन किसानों में से 21 को जेल भेज दिया गया। इस दौरान किसानों व किसान महिलाओं ने केंद्र व राज्य सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करके रोष प्रकट किया।
गौरतलब है कि भाकियू के नेतृत्व में किसान 4 दिनों से लगातार गिरफ्तारियां दे रहे हैं। यूनियन ने ऐलान किया है कि 15 अगस्त तक इन गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी रखा जाएगा।
यूनियन के जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह संदोहा, प्रांतीय सीनियर उपाध्यक्ष काका सिंह कोटड़ा, महासचिव रेशम सिंह यात्री ने कहा कि किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलवाने, डा. स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करवाने व अन्य मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखा जाएगा।
शनिवार को 38 किसान महिलाओं ने खुद को गिरफ्तारी के लिए पेश किया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके महिला थाने में रखा हुआ है। इसके अलावा 120 के करीब अन्य किसानों ने भी गिरफ्तारी दी। किसानी मांगों को लेकर 15 अगस्त तक गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी रखा जाएगा व उसके बाद अगली रणनीति तैयार की जाएगी।