Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Feb, 2018 10:13 AM
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने 1984 सिख कत्लेआम के आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए नए खुलासों पर एन.डी.ए. द्वारा एस.आई.टी. के चेयरमैन जस्टिस (रिटायर्ड) एस.एन. ढींगरा को कांग्रेसी नेता जगदीश टाइटलर के विरोध में जांच के लिए कहने पर...
चंडीगढ़(ब्यूरो) : शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने 1984 सिख कत्लेआम के आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए नए खुलासों पर एन.डी.ए. द्वारा एस.आई.टी. के चेयरमैन जस्टिस (रिटायर्ड) एस.एन. ढींगरा को कांग्रेसी नेता जगदीश टाइटलर के विरोध में जांच के लिए कहने पर एन.डी.ए. सरकार व गृह मंत्री राजनाथ सिंह की प्रशंसा की है।
प्रैसवार्ता में शिअद प्रधान ने कहा कि आखिर इस कत्लेआम के आरोपियों जगदीश टाइटलर व अन्य के खिलाफ इंसाफ का पहिया घूमना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की भूमिका की भी जांच की जाएगी क्योंकि सामने आए नए सबूत उसको सीधे तौर पर उन कांग्रेसी नेताओं को साथ में जोड़ते हैं, जिन्होंने दिल्ली में सिखों का कत्लेआम करने वाली भीड़ का नेतृत्व किया था। यह पिछले 33 वर्षों से इंसाफ का इंतजार कर रहे कत्लेआम के पीड़ितों के लिए बड़ी जीत है।
बादल ने यह भी मांग की कि इस केस में जगदीश टाइटलर के खिलाफ ताजा एफ.आई.आर. दर्ज की जानी चाहिए व उसका पासपोर्ट जब्त किया जाना चाहिए। उन्होंने टाइटलर का पॉलीग्राफी व नार्को टैस्ट करने की भी मांग की। अकाली दल के प्रधान ने यह भी कहा कि इस सारे मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा आशंका वाली भूमिका निभाई जा रही है। दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय पिछले 3 महीनों से अदालत में यह कहता आ रहा है कि इसकी झूठ पकडऩे वाली मशीन खराब है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को बिना देरी किए तुरंत यह टैस्ट करना चाहिए।