Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Sep, 2017 08:14 AM
श्राद्ध की समाप्ति उपरांत शुभ माने जाने वाले हिंदू धर्म के प्रमुख पर्व नवरात्रों की शुरूआत आज धूमधाम और श्रद्धा भावना के साथ हुई।
मोगा (ग्रोवर/कशिश): श्राद्ध की समाप्ति उपरांत शुभ माने जाने वाले हिंदू धर्म के प्रमुख पर्व नवरात्रों की शुरूआत धूमधाम और श्रद्धा भावना के साथ हुई। नवरात्रों के पहले दिन मोगा शहर के विभिन्न मंदिरों में माता रानी का पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिरों में उमड़ा और इसके चलते शहर के समूह मंदिरों और धार्मिक स्थानों पर रौनकें लगनी शुरू हो गई हैं।
श्रद्धालुओं द्वारा अपने घरों में माता रानी की अखंड ज्योति जलाने के साथ-साथ पहले नवरात्र पर आज खेत्री बीज कर माता रानी की आराधना की गई और शहर के प्रमुख मंदिरों में नवरात्रों को मुख्य रखते हुए रोजाना दुर्गा पूजा, दुर्गा चालीसा, दुर्गा स्तुति के पाठ शुरू होने के साथ-साथ मां दुर्गा के हवन भी शुरू हुए।
श्री सनातन धर्म मंदिर के पं. पवन गौतम, पं. राजेश गौड, पं. मुकेश शर्मा ने बताया कि साल में माता रानी के नवरात्रे तीन बार आते हैं, जिसमें श्रद्धालु 2 बार ही माता रानी के खुले नवरात्र रख कर मां दुर्गा की पूजा करते हैं। साल में एक बार गुप्त नवरात्रे भी आते हैं, जिन्हें सनातन धर्म की जानकारी वाले लोग मानते हैं। उन्होंने कहा कि हर मनुष्य को पहले नवरात्र वाले दिन खेत्री बीजकर दुर्गा स्तुति का पाठ रोज करना चाहिए। इस पाठ से हर व्यक्ति की मनोकामना पूरी होती है।