Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Dec, 2017 09:29 AM
शहर की एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नशे की पूर्ति के लिए उसके नशेड़ी पति ने पहले उसकी 6 वर्ष की बेटी को बेच दिया। नशा करते उसे टी.बी. हो गई और बाद में पीलिया।
फिल्लौर (भाखड़ी): शहर की एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नशे की पूर्ति के लिए उसके नशेड़ी पति ने पहले उसकी 6 वर्ष की बेटी को बेच दिया। नशा करते उसे टी.बी. हो गई और बाद में पीलिया।
रोजाना नशे के टीके लगाता है पति
नशे की पूर्ति के लिए वह उसे भी देह व्यापार का धंधा करने के लिए मजबूर कर रहा है और इसमें उसकी सास भी उसके पति का साथ दे रही है। पीड़ित महिला ने डी.एस.पी. के समक्ष पेश होकर पति और सास के विरुद्ध शिकायत दी है।आज पत्रकार सम्मेलन में जसबीर कौर (27) ने बताया कि उसके पहले पति की मौत होने के कारण 2 वर्ष पहले उसकी दूसरी शादी हुई। पहले पति से उसकी 6 साल की बेटी थी। शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति नशेड़ी है और रोजाना नशे के टीके लगाता है। उसने उसे आश्वासन दिया वह उसकी बेटी को अच्छी जगह जरूरतमंद दम्पति को देगा, जो उसके माता-पिता बनकर अच्छी तरह से पालन-पोषण करेंगे। लेकिन 2 वर्ष बीतने पर एक बार भी उसके पति ने उसे उसकी बेटी से नहीं मिलवाया। उसे नहीं पता कि उसकी बेटी कहां और किस हालात में है।
एच.आई.वी. पॉजीटिव हो चुका है पति
उसका पति नशे के टीके लगाकर रोज घर में पड़ा रहता है और उसे लोगों के घरों में काम करने भेज देता है। पूरा दिन काम कर वह जो कुछ कमा कर लाती वह उससे रुपए छीन कर अपने लिए नशे के टीके ले आता है। शादी के 14 महीने बाद उसके घर लड़के ने जन्म लिया जिसके बाद उसके नशेड़ी पति को टी.बी. हो गई और बाद में पीलिया हो गया।वह पति को सरकारी अस्पताल में चैकअप करवाने गई तो डाक्टरों ने उसे हिदायत दी कि वह अपने पति के साथ बिल्कुल शारीरिक संबंध न बनाए। कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि उसका पति एच.आई.वी. पॉजीटिव हो चुका है। इसके बाद उसने सरकारी अस्पताल में अपना एच.आई.वी. टैस्ट करवाया जिसकी रिपोर्ट फिलहाल नैगेटिव आई है।
दूधमुंहा बच्चा छीन घर से निकाला
अब उसकी सास और पति दोनों मिल कर उसे देह व्यापार का धंधा करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। उसके मना करने पर रोजाना उसके साथ उसका पति मारपीट करता है। गत दिवस उसे एक व्यक्ति के पास भेजने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी तो प्रात: उसे घर से बाहर निकाल दिया और उसका 6 महीने का बच्चा उसके पति ने अपने पास यह कह कर रख लिया कि जब वह धंधा करने के लिए राजी हो जाएगी तब वह उसके घर आकर रह सकती है नहीं तो वह उसे अपने बच्चे से नहीं मिलने देगा। जसबीर कौर ने कहा कि उसका बच्चा उसके दूध पर निर्भर है। जिस कारण वह शिकायत लेकर डी.एस.पी. के समक्ष पेश हुई। डी.एस.पी. ने महिला पुलिस इंस्पैक्टर को घटना की जांच करने के आदेश दिए है। देर शाम पुलिस ने जसबीर कौर को उसके घर के अंदर दाखिल करवाया जिसके बाद जाकर वह अपने मासूम बच्चे से मिल सकी।