Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Jan, 2018 10:56 AM
होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र में हाजीपुर के पास एक गांव में शादी में दूल्हे के हंगामा करने से विवाद हो गया और वधू पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया।
दसूहाः होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र में हाजीपुर के पास एक गांव में शादी में दूल्हे के हंगामा करने से विवाद हो गया और वधू पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। शादी में फेरे चल रहे थे कि अचानक दूल्हा हुल्ल्ाड़बाजी करने लगा और अपनी पगड़ी उतार फैंकी। वधू पक्ष ने दसूहा से गई इस बरात को बैंरंग लौटा दिया। इतना ही नहीं लड़की पक्ष ने दूल्हे पक्ष से शादी में हुआ पूरा खर्च भी वसूला।
जानकारी के अनुसार, गांव में दसूहा से एक बरात आई थी। शादी समारोह में सब कुछ ठीक चल रहा था। इसी दौरान शादी में आनंद कारज में पहले दूल्हा व दुल्हन के फेरे होने लगे। अचानक दूल्हे ने हंगामा और हुल्लड़बाजी करनी शुरू कर दी। दूल्हे ने अपनी पगड़ी उतार कर फैंक दी और उछल-कूद करने लगा।
इस पर लड़की वाले और शादी में आए लोग हैरान हो गए और उनको कुछ समझ में नहीं आया। दूल्हे की हालत देखकर वधू पक्ष ने शादी से साफ इन्कार कर दिया और शादी की रस्में रोक दी। लड़की वालों ने दूल्हे के नशा करने का आरोप लगाया और बरात को भी बंधक बना लिया।
इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों में तनातनी का माहौल बन गया। मामले की सूचना हाजीपुर थाना पुलिस को भी दी गई। हाजीपुर पुलिस ने दोनों पक्षों को बिठाकर मामला सुलझाने की कोशिश की। लेकिन, दुल्हन व उसके परिजनों ने शादी से साफ मना कर दिया। इस बारे में हाजीपुर थाना के ड्यूटी अफसर एएसआइ जसबीर सिंह ने बताया कि दूल्हा पक्ष ने लड़की वालों को शादी का सारा खर्च देने की सहमति दी और इसके बाद बरात बिना शादी के लौट गई है।