Edited By Updated: 23 Apr, 2017 02:02 AM
साइकिल बनाने वाली प्रमुख कंपनी हीरो साइकिल ने पंजाब में ...
चंडीगढ़: साइकिल बनाने वाली प्रमुख कंपनी हीरो साइकिल ने पंजाब में लुधियाना के निकट साहनेवाल में 400 करोड़ रुपए की लागत से साइकिल कारखाना लगाने की इच्छा व्यक्त की है।
प्रस्तावित परियोजना लुधियाना के बाहरी इलाके में 300 एकड़ क्षेत्र में फैली ‘साइकिल वैली’ में लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए कहा कि हीरो साइकिल के चेयरमैन पंकज मुंजाल ने मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह से आज मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परियोजना के बारे में विस्तृत ब्योरा दिया। इसमें तकनीकी और शोध एवं विकास केन्द्र तथा अन्य प्रमुख उद्योग सुविधायें शामिल होंगी।
मुंजाल ने कहा कि परियोजना के लिए 100 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। इसके तैयार होने के बाद साइकिल उद्योग में लगे लोगों की संख्या मौजूदा साढे़ चार लाख से बढ़कर करीब दोगुनी हो जाएगी। अमरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें राज्य में उद्योगों का स्वागत करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है। इससे राज्य का आर्थिक विकास होने के साथ-साथ रोजगार सृजन होगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार नई औद्योगिक नीति पर काम कर रही है। इस नीति में राज्य में निवेश प्रक्रिया को सुनियोजित किया जाएगा और औद्योगिक विकास पर जोर दिया जाएगा।
अमरेंद्र सिंह ने पंजाब के निवेश संवर्धन ब्यूरो के सीईआे अनिरध तिवारी को हीरो साइकिल के साथ बातचीत आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी, मुकेश अंबानी और एन चंद्रशेखरन भी पंजाब में निवेश की अपनी इच्छा जाहिर कर चुके हैं। राज्य में निवेश करने वाले प्रमुख उद्योगपतियों की कतार में अब मुंजाल भी शामिल हो गए हैं।