Edited By Updated: 10 Dec, 2016 05:37 PM
अकाली दल छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले हंसराज हंस अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। हंस को भाजपा के राष्ट्रीय प्रधान अमित शाह ने दिल्ली में पार्टी ज्वाइन करवाई है।
चंडीगढ़/नई दिल्ली: अकाली दल छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले हंसराज हंस अब भाजपा में शामिल हो गए है। हंस को भाजपा के राष्ट्रीय प्रधान अमित शाह ने दिल्ली में पार्टी ज्वाइन करवाई है। हंसराज हंस फरवरी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। ऐसा माना जा रहा था कि हंस के कांग्रेस में शामिल होने से पंजाब चुनाव में कांग्रेस को काफी फायदा हो सकता है, लेकिन बाद में आई दरार के बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। हंस का नाम पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए टिकटों के दावेदारों में चल रहा था। अटकलों का दौर तब शुरू हुआ, जब कुछ दिन पहले दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस की एक कॉन्फ्रेंस में वह मंच से कूद गए थे। उनका आरोप था कि पार्टी वाल्मिकी समाज के साथ भेदभाव कर रही है।
हंस ने की मोदी की जमकर तारीफ
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद पंजाबी गायक ने पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। जब उनसे पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर कोई नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना पर पूछा गया, तो हंसराज हंस ने कहा, "मेरी इमेज के हिसाब से जहां मेरी ड्यूटी लगाएंगे काम करूंगा जहां मोदी जी हैं कमजोरी नहीं हो सकती, वो बब्बर शेर हैं।
कांग्रेस में एक साल भी टिक नहीं पाए हंस
हंसराज हंस ने इसी साल फरवरी में चंडीगढ़ में अमरेंद्र सिंह के सामने कांग्रेस ज्वाइन की थी, लेकिन वह एक साल भी इस पार्टी में टिक नहीं पाए। कांग्रेस से पहले हंस अकाली दल में भी थे। लगभग एक साल पहले उन्होंने अकाली दल से इस्तीफा दिया था। उन्होंने कहा था कि अकाली दल उनकी उम्मीद के हिसाब से काम नहीं कर रही।