Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Sep, 2017 05:19 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए 11 अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव को देखते हुए अपने मंत्रियों को हलका इंचार्ज के रूप में डयूटियां आबंटित कर दी हैं।
जालंधर (धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए 11 अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव को देखते हुए अपने मंत्रियों को हलका इंचार्ज के रूप में डयूटियां आबंटित कर दी हैं।
पता चला है कि स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म महिन्द्रा को सुजानपुर, वन मंत्री डा. साधु सिंह धर्मसोत को भोआ, लोकसभा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को पठानकोट, तकनीकी शिक्षा मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को गुरदासपुर, मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह को बटाला, शिक्षा मंत्री अरुणा चौधरी को दीनानगर, ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री तृप्त राजिन्द्र सिंह बाजवा को फतेहगढ़ चूडिय़ां, बिजली व सिंचाई मंत्री राणा गुरजीत सिंह को कादियां तथा लोक निर्माण मंत्री रजिया सुल्ताना को डेरा बाबा नानक हलके का इंचार्ज लगाया गया है।
इस तरह कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने अपने निकटस्थ मंत्रियों व नेताओं को गुरदासपुर के समूचे लोकसभा क्षेत्र में बतौर इंचार्ज लगाकर 26 व 27 से लगातार वहीं पर डटने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मंत्री कल से वहां पर पहुंचने शुरू हो जाएंगे।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ गुरदासपुर संसदीय क्षेत्र से पार्टी की ओर से चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं। पंजाब कांग्रेस के पदाधिकारियों को भी अगले कुछ दिनों के अंदर जिम्मेदारियां सौंप दी जाएंगी। मंत्रियों की गतिविधियो ंपर कैप्टन टीम नजर रखेगी तथा रोजाना रिपोर्ट मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह तक पहुंचाई जाएगी। गुरदासपुर उपचुनाव को कैप्टन ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्र बनाया हुआ है क्योकि उन्हीं के कहने पर सुनील जाखड़ को कांग्रेस नेतृत्व द्वारा टिकट दी गई थी। बिजली मंत्री राणा गुरजीत सिंह जोकि इंगलैंड दौरे पर गए हुए थे, वह भी अब विदेश से वापस आ गए हैं। इसी तरह से पंजाब कांग्रेस के पदाधिकारियों, विधायकों तथा जिला प्रधानों की डयूटियों की सूची भी अगले एक-दो दिनों में जारी कर दी जाएगी।