Edited By Updated: 11 May, 2017 01:16 AM
गांव रुकन शाहवाला में अकाली नेता बलविन्द्र सिंह के परिवार पर हुई फायरिंग ....
फिरोजपुर(कुमार): गांव रुकन शाहवाला में अकाली नेता बलविन्द्र सिंह के परिवार पर हुई फायरिंग और गोली मार कर की गई उसके पिता हरनाम सिंह और भाई जोगिन्द्र सिंह की हत्या पर अफसोस और दुख प्रकट करने के लिए पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया उनके घर गए और कत्ल किए गए अकाली बाप-बेटे को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मजीठिया ने कहा कि यह डबल मर्डर फिरोजपुर पुलिस की गलती और लापरवाही के कारण हुआ है, जिसमें थाना कुलगढ़ी के एस.एच.ओ. की भी मिलीभगत रही है। बलविन्द्र सिंह का परिवार एस.एस.पी. फिरोजपुर से लेकर थाना कुलगढ़ी के एस.एच.ओ. तक के पास बार-बार जाता रहा और पुलिस को बताता रहा कि उन्हें जान से मार देने की धमकियां दी जा रही हैं, मगर फिर भी पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया और आखिर धमकियां देने वालों ने खुलेआम गोलियां चला कर बाप-बेटे का कत्ल कर दिया व बलविन्द्र सिंह को बुरी तरह से घायल कर दिया। मजीठिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में गुंडाराज है व पुलिस गूंगी-बहरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि कैप्टन सरकार के सत्ता में आते ही पंजाब का माहौल बिगड़ गया है। कांग्रेस सियासी रंजिश के चलते अकाली नेताओं के खिलाफ झूठे मुकद्दमे दर्ज कर रही है और पिछले डेढ़-दो महीनों में पंजाब में कई अकालियों का कत्ल कर दिया गया है। ऐसी गुंडागर्दी के नतीजे बुरे निकलेंगे। मजीठिया ने फिरोजपुर पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सभी हत्यारों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो एस.एस.पी. दफ्तर का घेराव किया जाएगा।