Edited By Updated: 24 May, 2017 04:32 AM
बस्ती शेख के संत नगर निवासी गैंगस्टर सुखविंद्र सिंह उर्फ सुक्खा भाऊ पुत्र इकबाल सिंह....
जालंधर(शौरी): बस्ती शेख के संत नगर निवासी गैंगस्टर सुखविंद्र सिंह उर्फ सुक्खा भाऊ पुत्र इकबाल सिंह को बीती रात बीमारी की हालत में सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। सुबह उसकी हालत और बिगडऩी शुरू हो गई जिसके चलते उसका उपचार करने वाले डाक्टर ने उसे अमृतसर मैडीकल कालेज रैफर कर दिया।
इसके बाद उसे पुलिस कस्टडी में अमृतसर ले जाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचते ही सुक्खा भाऊ बेहोश हो गया। उसे तुरंत एमरजैंसी में लेकर पुलिस वाले पहुंचे परंतु डाक्टर ने चैकअप करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सुक्खा भाऊ के शव का पोस्टमार्टम अमृतसर के सिविल अस्पताल में सुबह को होगा। गौर हो कि हत्या व हत्या प्रयास के कई मामलों में नामजद गैंगस्टर सुक्खा भाऊ ने माडल टाऊन में गैंगस्टर विक्की गौंडर के साथ मिलकर कार लूटने के बाद सूरज नामक युवक की हत्या कर दी थी।
डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप
वहीं सुक्खा भाऊ के मामा निशान सिंह निवासी संत नगर बस्ती शेख का आरोप है कि सुक्खा भाऊ की मौत डाक्टरों की लापरवाही से हुई है। मामा का कहना है कि जेल में बंद सुक्खा भाऊ की हालत कुछ दिनों से बिगड़ती जा रही थी परंतु जेल के डाक्टर मामूली गोलियां देकर उसका उपचार कर रहे थे। बीती रात सुक्खा की दर्द बढ़ गई जिस कारण वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। जेल में उसके साथ बंद बाकी कैदियों ने शोर मचाया और जेल प्रशासन को धमकी दी कि यदि सुक्खा भाऊ का उपचार सही प्रकार से नहीं करवाया गया तो वह धरना लगा देंगे।
इसके बाद हरकत में आए जेल प्रशासन ने सुक्खा को देर रात सिविल अस्पताल उपचार के लिए भेजा। निशान सिंह ने कहा कि सिविल अस्पताल में सुक्खा को सुबह पेट में इंफैक्शन इतनी बढ़ गई कि वह दर्द से चिल्लाता रहा। उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया तो डाक्टर ने उसे अमृतसर मैडीकल कालेज रैफर कर दिया, लेकिन सुक्खा को लेने पुलिस गार्द करीब 2 घंटे तक नहीं आई। उन्होंने इस बाबत शिकायत भी की।