Edited By Updated: 11 Dec, 2016 01:31 PM
दिन भर चले हंगामे के बाद आखिर शाम को नगर निगम के मेयर अमरिंद्र सिंह बजाज ने विवादित मछली मार्कीट को बंद करने का ऐलान कर दिया।
पटियाला(बलजिन्द्र/परमीत) : दिन भर चले हंगामे के बाद आखिर शाम को नगर निगम के मेयर अमरिंद्र सिंह बजाज ने विवादित मछली मार्कीट को बंद करने का ऐलान कर दिया। मेयर बजाज ने धरने पर बैठे मछली मार्कीट की लड़ाई लड़ रहे पार्षद सुखविंद्र पाल सिंह मिंटा और इलाका निवासियों की हाजिरी में सार्वजनिक तौर पर यह ऐलान किया जिसके बाद पुलिस छावनी बना फैक्टरी एरिया शांत हुआ। पार्षद मिंटा और इलाका निवासियों ने मेयर बजाज का धन्यवाद भी किया। मछली मार्कीट का मुद्दा उस समय फिर गर्मा गया जब पिछले कई सालों से यह लड़ाई लड़ते आ रहे वार्ड की अकाली पार्षद के पति सुखविंद्र पाल सिंह मिंटा ने आर-पार की लड़ाई लडऩे का ऐलान कर दिया। हालांकि पिछले कई दिनों से पुलिस और जिला प्रशासन अदालती हुक्मों की कापियां मुहैया करवा कर मछली मार्कीट को बंद करने की अपील कर रहे थे परंतु जब कोई हिलजुल न हुई तो इलाका निवासियों ने मीटिंग करके सुखविंद्र पाल सिंह मिंटा के नेतृत्व में आर-पार की लड़ाई लडने का ऐलान कर दिया। जैसे ही इसकी भनक पुलिस को लगी तो भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
एस.पी. सिटी सतबीर सिंह अटवाल, डी.एस.पी. सिटी-2 पुरुषोत्तम बल, एस.एच.ओ. अनाज मंडी हरविंद्र सिंह भारी पुलिस फोर्स समेत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को अमन और कानून की स्थिति को बहाल रखने के लिए आगे जाने से रोका परंतु जब मिंटा के नेतृत्व में फैक्टरी एरिया के लोग जबरन आगे बढने लगे तो पुलिस ने अपना नाका लगा कर उनको रोक दिया।
इस दौरान मिंटा समेत कई इलाका निवासियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। मिंटा और इलाका निवासियों ने कई पड़ावों में फैक्टरी एरिया का पहला गोल चक्कर पार कर लिया, जहां पुलिस ने पक्के तौर पर समूचे प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।दिन भर पुलिस की छावनी बना फैक्टरी एरिया तब शांत हुआ जब मेयर अमरिंद्र सिंह बजाज शाम 6 बजे के करीब धरनाकारियों के पास पहुंचे और उनकी बातचीत सुनी व अदालती हुक्म देखने के बाद मछली मार्कीट को बंद करने का ऐलान कर दिया।