Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Sep, 2017 04:36 PM
शहर में चल रही रामलीला में छह सगे भाई राम और उनके भाईयों के किरदार निभाते हैं तो रावण व उसके भाई की भूमिका भी करते हैं।
फिरोजपुरः शहर में चल रही रामलीला में छह सगे भाई राम और उनके भाईयों के किरदार निभाते हैं तो रावण व उसके भाई की भूमिका भी करते हैं। रामलीला के मंच पर चार भाई राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न बनते हैं तो दो भाई कुंभकर्ण व रावण की भूमिका निभाते हैं। सभी भाईयों का पेशा अलग-अलग है, लेकिन रहते सभी उसी प्यार से हैं जिसकी सीख रामायण में दी गई है। रामलीला के अन्य प्रमुख किरदार बाली, सुग्रीव और परशुराम की भूमिका उनके परिवार के लोग ही निभाते हैं।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले में अयोध्या के पास के गांव चक्कर तीरथ के रहने वाले इस परिवार के छह बेटे ही नहीं बल्कि आगे इनके बच्चे भी शिव शंकर रामलीला दशहरा कमेटी से जुड़े हैं। कुल मिलाकर परिवार के 11 सदस्य रामलीला में अभिनय करते हैं। तीसरे नंबर के शिव कुमार शुक्ला 1982 से रामलीला में अभिनय कर रहे हैं। उनकी प्रतिबद्धता को देखकर अन्य पांचों भाई भी रामलीला से जुड़े।
रामलीला को लेकर सभी भाईयों में इतना प्यार था कि 2004 में शिव-शंकर रामलीला दशहरा नाम से अपनी ही कमेटी बना ली। कमेटी में कुल 22 सदस्य हैं जो कि रामलीला का खर्च उठाते हैं। हर साल 10 दिन तक मंचन का करीब डेढ़ लाख रुपए तक खर्च आता है।
श्रीराम का किरदार सतीश कुमार शुक्ला (पुजारी), भरत का रोल शिव कुमार शुक्ला (टेक्निकल कॉलेज में लेक्चरर), लक्षमण की भूमिका सुरेश कुमार शुक्ला (करियाना दुकानदार), शत्रुघ्न की भूमिका विजय कुमार शुक्ला (एडिडास कंपनी में कर्मचारी) निभाते हैं।
रावण का किरदार विष्णु शुक्ला (रेलवे में अकाउंटेंट) और कुंभकर्ण का किरदार कृष्ण कुमार निभाते हैं। परशुराम का रोल सनम शुक्ला, अंगद का रोल ललित शुक्ला, बाली का रोल रोहित शुक्ला, सुग्रीव का रोल अंशुमन और विभीषण का रोल लव शुक्ला निभाते हैं।