Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Sep, 2017 01:32 PM
मलसियां-शाहकोट मार्ग पर 2 मोटरसाइकिल सवार युवकों ने गश्त कर रहे 2 पुलिस कर्मचारियों पर गोलियां चलाकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
मलसियां, शाहकोट (मरवाहा, त्रेहन): मलसियां-शाहकोट मार्ग पर 2 मोटरसाइकिल सवार युवकों ने गश्त कर रहे 2 पुलिस कर्मचारियों पर गोलियां चलाकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवे पैट्रोलिंग पुलिस की टीम अपनी जीप में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ए.एस.आई. तथा हवलदार ने एक मोटरसाइकिल को रोक कर पूछताछ की। संदेह होने पर उनके पास मौजूद एक बैग की तलाशी लेनी चाही तो युवकों ने इसका विरोध किया तथा पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई करने लगे। इसी कशमकश के दौरान दोनों युवकों ने अपने पिस्तौल बाहर निकाल कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलीबारी में दोनों पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गए। पुलिस कर्मचारियों ने बड़ी बहादुरी से हमलावरों का मुकाबला कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि एक युवक घटनास्थल से खेतों में भाग गया।
कुछ ही समय में शाहकोट थाने तथा मलसियां चौकी की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और पीछा कर दूसरे युवक को भी काबू कर लिया। देर रात तक डी.एस.पी. दिलबाग सिंह तथा थानाध्यक्ष रूपिन्द्र सिंह दोनों युवकों से पूछताछ कर रहे थे। स्थानीय पुलिस जिला जालंधर के पुलिस अधिकारियों तथा काबू किए गए युवकों के जिले की पुलिस से भी लगातार संपर्क में है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की जांच जारी थी तथा पुलिस ने अभी तक मामला भी दर्ज नहीं किया था। उधर, मलसियां चौकी में मौजूद थानाध्यक्ष रूपिन्द्र सिंह ने बताया कि आज शाम नाके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों पर 2 युवक गोलियां चलाकर भाग गए। दोनों पुलिस कर्मी सुरक्षित हैं।