Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Jul, 2017 03:04 PM
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से किसानों व खेत मजदूरों के कर्जे माफ करने व किसानी औजारों पर लगाए जी.एस.टी. को खत्म करवाने के लिए जेल भरो आंदोलन शुरू किया गया है। बस स्टैंड में हजारों की संख्या में एकत्र हुए किसानों, खेत मजदूरों को संबोधित करते हुए...
मोगा (ग्रोवर): भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से किसानों व खेत मजदूरों के कर्जे माफ करने व किसानी औजारों पर लगाए जी.एस.टी. को खत्म करवाने के लिए जेल भरो आंदोलन शुरू किया गया है। बस स्टैंड में हजारों की संख्या में एकत्र हुए किसानों, खेत मजदूरों को संबोधित करते हुए सी.पी.आई. के जिला महासचिव कामरेड कुलदीप भोला ने कहा कि केन्द्र सरकार ने लोगों से जो वायदे किए थे, उनको पूरा करने की बजाय महंगाई को बढ़ावा दिया जा रहा है। आज देश का किसान कर्जे में डूब कर आत्महत्याएं कर रहा है और केन्द्र सरकार किसानों के कर्जे माफ करने की जगह किसानी औजारों पर टैक्स लगा कर उनका शोषण कर रही है।
उन्होंने राज्य में आई कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बने कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा था कि हर घर में एक नौकरी व युवाओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा, लेकिन किसानों का कर्जा माफ करने की जगह 5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों का 2 लाख रुपए का कर्जा माफ करने की घोषणा की गई, जिससे पंजाब की किसानी कर्जा मुक्त नहीं हो सकती, क्योंकि राज्य में हजारों की संख्या में ऐसे किसान हैं जिन पर 2 लाख नहीं, बल्कि इससे कई अधिक मात्रा में कर्जा है, जिसे भरने में वे असमर्थ हैं। जब तक सभी किसानों का कर्जा माफ नहीं किया जाता, तब तक किसान आत्महत्याएं करते रहेंगे।