Edited By Updated: 19 May, 2017 11:35 AM
गांव लहरा बेगा के किसान खुदकुशी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पटवारी जगजीत सिंह जग्गा और राज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
लहरा मोहब्बत (मनीष): गांव लहरा बेगा के किसान खुदकुशी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पटवारी जगजीत सिंह जग्गा और राज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से संबंधित तीसरा आरोपी त्रिलोचन सिंह को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों के अनुसार नथाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को तलवंडी साबो बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मृतक के पारिवारिक सदस्य व भाकियू (उगराहा) के नेता पिछले 9 दिनों से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अड़े हुए थे और मृतक जसवंत सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया था। इस संबंधी अनेकों बार प्रशासन अधिकारियों व पारिवारिक सदस्यों की बैठकें भी हुईं, जो बेनतीजा रहीं। आज किसान यूनियन द्वारा दोपहर 3 बजे लहरा बेगा से बड़ा काफिला लेकर रोष प्रदर्शन करने के किए ऐलान को भांपते पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते आरोपियों को तलवंडी साबो बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। मृतक किसान का आज देर सायं संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर बड़ी गिनती में किसान, मजदूर व महिलाएं शामिल हुए।