Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Jul, 2017 01:45 AM
नशा तस्करों व गैंगस्टरों के साथ वर्दी की आड़ में नशे का खेल खेलने वाला बर्खास्त इंस्पैक्टर इंद्रजीत.....
जालंधर(रविंदर शर्मा): नशा तस्करों व गैंगस्टरों के साथ वर्दी की आड़ में नशे का खेल खेलने वाला बर्खास्त इंस्पैक्टर इंद्रजीत सिंह इस कदर बेखौफ हो चुका था कि उसे अदालत के आदेशों की भी परवाह नहीं थी। इंद्रजीत सिंह ने ड्यूटी पर रहते हुए अदालती आदेशों की जमकर धज्जियां उड़ाईं और नशा तस्करों को पूरी मदद पहुंचाई। वह तस्करों की जायदाद जब्त करने के आदेशों को ठंडे बस्ते में डालता था।
यही नहीं, अदालत के आदेशों के बाद जब-जब पुलिस अधिकारियों ने भी नशा तस्करों के खिलाफ इंद्रजीत को आदेश दिए तो उसने उनकी भी कोई परवाह नहीं की। तरनतारन, होशियारपुर व जालंधर में पोस्टिंग के दौरान इंद्रजीत सिंह ने तस्करों के साथ लिंक डिवैल्प करते हुए ही नशे की भारी खेप पकड़ी थी। एक तरफ वह नशा तस्करों को गिरफ्तार करने के बाद अपना साथी बना लेता था तो उन्हीं से रेकी करवाकर नए तस्करों को अपने जाल में फांसता था। गिरफ्तारी के बाद इंद्रजीत सिंह की यारी तस्करों के साथ इस कदर गहरी हो जाती थी कि वह उनके साथ न केवल नशे का खेल खेलता था बल्कि बरामद नशे को भी उन्हीं के जरिए मार्कीट में बिकवाता था। साथी बनाए गए तस्करों को वह पूरा फायदा पहुंचाता था। यह बात तो पहले ही सामने आ चुकी है कि गिरफ्तार तस्करों को सबूतों में हेरफेर कर उनकी जमानत से लेकर केस खारिज होने तक में मदद करता था।
एस.टी.एफ. की जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार तस्करों को लेकर अदालत के आदेशों की इंद्रजीत सिंह ने जमकर धज्जियां उड़ाईं थीं। कई केसों में अदालत ने इंद्रजीत सिंह को तस्करों की जायदाद जब्त करने के आदेश दिए थे, मगर इंद्रजीत ने खुलेआम मदद करते हुए किसी भी तस्कर की जायदाद जब्त नहीं की। अदालती आदेशों के बाद कई आलाधिकारियों ने भी बार-बार इंद्रजीत को चेताया कि गिरफ्तार तस्करों की जायदाद को जब्त किया जाए, मगर अधिकारियों के आदेशों की भी इंद्रजीत सिंह ने कभी परवाह नहीं की। अब एस.टी.एफ. ऐसे मामलों की जांच भी आगे बढ़ा रही है, जिनमें इंद्रजीत सिंह को जायदाद जब्त करने को कहा था, मगर उसने इन आदेशों को ठंडे बस्ते में डाल दिया था।
गौर हो कि इंस्पैक्टर इंद्रजीत सिंह को एस.टी.एफ. की टीम ने 4 किलोग्राम हैरोइन, 3 किलोग्राम अफीम, दो ए.के.-47 व भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। इंद्रजीत सिंह वर्दी की आड़ में ही नशा तस्करों के साथ मिलकर नशे का खेल खेलता आ रहा था। एक तरफ वह भारी मात्रा में नशे की खेप पकड़ कर पुलिस अधिकारियों का चहेता बन चुका था तो दूसरी तरफ विभाग की आंखों में धूल झोंक कर खुद ही नशे का खेल रच रहा था।