Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Dec, 2017 11:14 AM
गांव कोटली संघर में घरों के ऊपर से निकलती पावर कॉम की 11 हजार वोल्टेज की तारों के कारण लोग डर के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। छत पर चढ़ते समय कभी भी कोई बच्चा हादसे का शिकार हो सकता है। पावर कॉम की ये तारें घरों की छतों से महज अढ़ाई-तीन फीट की...
श्री मुक्तसर साहिब (दर्दी): गांव कोटली संघर में घरों के ऊपर से निकलती पावर कॉम की 11 हजार वोल्टेज की तारों के कारण लोग डर के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। छत पर चढ़ते समय कभी भी कोई बच्चा हादसे का शिकार हो सकता है। पावर कॉम की ये तारें घरों की छतों से महज अढ़ाई-तीन फीट की ऊंचाई से निकलती हैं।
गांव कोटली संघर निवासी रघबीर सिंह, बबलू सिंह, मनी सिंह, गुरनैब सिंह मैंबर, सरबजीत सिंह, सतपाल सिंह, टहिल सिंह, गुरा सिंह, राजा सिंह, सुक्खा सिंह, गुरदेव सिंह, शिंदू सिंह व मंदर सिंह आदि ने बताया कि हमारे घरों के ऊपर से निकलती बिजली की हाई वोल्टज तारों के कारण हमेशा मन में अनहोनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि तारों को बाहर निकालने के लिए कई बार संबंधित विभाग को लिखित रूप में अवगत चुके हैं परंतु कोई भी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों से मांग की कि हमारी जान-माल की रक्षा के लिए पावर कॉम की हाई वोल्टज तारें बाहर निकलवाई जाएं।
साल 2001 में हो चुका हादसा
उल्लेखनीय है कि साल 2001 में गांव कोटली संघर में हरमन सिंह नाम का लड़का अपने घर की छत पर खेलते समय इन तारों की चपेट में आ चुका है जिस कारण उसको अपनी बाई बाजू गंवानी पड़ी।
जरूरी खर्चा अदा करने पर ही होगा हल : एक्सियन
उधर जब इस बारे संबंधित विभाग के एक्सियन सुखदेव सिंह भुल्लर से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वह तारें बाहर निकलवाने के लिए 500 रुपए का डिमांड ड्राफ्ट लगाकर फाइल भर दें व साथ ही विभाग का बनता खर्चा अदा करके तारें बाहर निकलवा सकते हैं।