Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Nov, 2017 01:50 PM
पीरु बंदा मोहल्ले में रहने वाले सफाई कर्मचारियों के ठेकेदार ने चिट्टा बेचने से रोका तो गुस्साए तस्करों ने उस पर गोली चला दी। इस मामले में थाना डिवीजन नं. 4 की पुलिस ने हत्या प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान जस्सी,...
लुधियाना(ऋषि): पीरु बंदा मोहल्ले में रहने वाले सफाई कर्मचारियों के ठेकेदार ने चिट्टा बेचने से रोका तो गुस्साए तस्करों ने उस पर गोली चला दी। इस मामले में थाना डिवीजन नं. 4 की पुलिस ने हत्या प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान जस्सी, आशीष, प्रिंस महिला उषा और उसके बेटे सुक्खी के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी इंस्पैक्टर विजय कुमार के अनुसार घायल की पहचान विशाल (24) के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में घायल के रिश्तेदार अजय कुमार ने बताया कि हर रोज की तरह सुबह 7 बजे विशाल घर से काम पर गया। वे नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का ठेकेदार है और उसके पास लक्ष्मी नगर का एरिया है। सुबह 7.30 बजे वे अपने कर्मचारियों से काम करवा रहा था। ग्रेवाल चौक पर वह अपने बाइक पर बैठा था। तभी एक युवक पिं्रस उसके पास आया और बात करने लग पड़ा।
इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर तस्कर जस्सी और आशीष आए और फायरिंग कर दी। गोली उसकी पीठ में नीचे की तरफ लगी। उसके कर्मचारियों ने तुरंत घायल अवस्था में उपचार के लिए डी.एम.सी. अस्पताल दाखिल करवाया। पुलिस के अनुसार तस्करों ने अवैध रिवाल्वर से फायरिंग की है। घायल के रिश्तेदारों ने बताया कि उनके मोहल्ले की रहने वाली उषा नामक महिला नशा बेचती है। जिसका वे विरोध करते हैं। पहले भी 2 बार थाना सलेम टाबरी में उनके खिलाफ शिकायत दे चुके हैं, लेकिन किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो कुछ दूरी पर एक दुकान के बाहर लगे कैमरों में आरोपी कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।