Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Nov, 2017 03:54 PM
नशा तस्करी के मामले में फाजिल्का अदालत द्वारा जारी किए गए समन को भुलत्थ से आम आदमी पार्टी के विधायक और नेता सुखपाल खैहरा ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
चंडीगढ़: नशा तस्करी के मामले में फाजिल्का अदालत द्वारा जारी किए गए समन को भुलत्थ से आम आदमी पार्टी के विधायक और नेता सुखपाल खैहरा ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। सुखपाल खैहरा के बेटे महताब ने हाईकोर्ट में इस मामले संबंधित याचिका डाली है। इस मामले पर अगली सुनवाई सोमवार यानि 6 नवंबर को हो सकती है।
गौरतलब है कि फाजिल्का की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संदीप कुमार जोसन की अदालत ने जलालाबाद में हैरोइन तस्करी के ढाई साल पुराने मामले में नौ आरोपियों को कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है। पांच मार्च 2015 को जलालाबाद सदर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों और सोने की तस्करी के आरोप में एक महिला सहित आठ लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया था।
यह है मामला
मार्च 2015 में सुखपाल सिंह खैहरा के करीबी एवं भुलत्थ मार्कीट कमेटी के चेयरमैन गुरदेव सिंह सहित 10 अन्य लोगों को फाजिल्का पुलिस ने पाकिस्तान से हैरोइन व सोना तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने तस्करों से दो किलोग्राम हैरोइन, 24 सोने के बिस्किट, एक पाक मोबाइल सिम व एक सफारी गाड़ी बरामद की थी। सरगना गुरदेव सिंह फाजिल्का के रास्ते पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाता था।
अपने गिरोह के जरिये हैरोइन इंग्लैंड में मेजर सिंह को भेजी जाती थी। मेजर सिंह के पाकिस्तान में तस्कर इम्तियाज अली से संबंध थे। उस समय खैहरा का नाम भी सामने आया था। हालांकि, पुलिस ने खैहरा के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया था।