Edited By Updated: 25 Apr, 2017 09:53 AM
सेहत मंत्री ब्रह्म महिंद्रा के अबलोवाल में गत रात्रि हुए समागम के बाद कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने समागम का आयोजन करने वालों पर घर में दाखिल
पटियाला(बलजिन्द्र): सेहत मंत्री ब्रह्म महिंद्रा के अबलोवाल में गत रात्रि हुए समागम के बाद कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने समागम का आयोजन करने वालों पर घर में दाखिल होकर कर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया जिसमें भूपिंद्र सिंह जख्मी हो गया। उसे सरकारी राजिन्द्रा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दूसरी ओर इलाका निवासियों ने एक हमलावर को काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया। सेहत मंत्री के जाते ही अचानक माहौल भड़क गया और खूब ईंट-पत्थर चले। भूपिंद्र सिंह के भाई हरजिंद्र सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है और पता नहीं किस कारण उनके घर पर हमला कर दिया गया।
दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में आज बाद दोपहर जख्मी भूपिंद्र सिंह के बयान दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। एस.एच.ओ. जे.एस. रंधावा का कहना है कि इस घटना का सेहत मंत्री के साथ कोई संबंध नहीं। उन्होंने बताया कि भूपिंद्र सिंह द्वारा जितने भी व्यक्तियों के नाम लिखवाए गए हैं उनको जांच में शामिल किया जाएगा। दूसरी ओर लोग यह कह रहे हैं कि झगड़ा समागम को आयोजित करने को लेकर हुआ है लेकिन पुलिस का कहना है कि सच्चाई क्या है यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकता है।