Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Sep, 2017 01:03 PM
बस स्टैंड के नजदीक पुली के ऊपर स्थिति उस समय गंभीर बन गई जब पुरानी रंजिश के चलते वाल्मीकि समुदाय के 2 गुटों के बीच सरेआम दिन-दिहाड़े मेन रोड पर खून-खराबा हुआ जिसके चलते एक गुट के सुक्खा राम सभ्रवाल व उसका बेटा योगेश सभ्रवाल बुरी तरह घायल हो गए।
गढ़दीवाला (जितेन्द्र): बस स्टैंड के नजदीक पुली के ऊपर स्थिति उस समय गंभीर बन गई जब पुरानी रंजिश के चलते वाल्मीकि समुदाय के 2 गुटों के बीच सरेआम दिन-दिहाड़े मेन रोड पर खून-खराबा हुआ जिसके चलते एक गुट के सुक्खा राम सभ्रवाल व उसका बेटा योगेश सभ्रवाल बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद सुक्खा राम, जो कि खून से पूरी तरह लथपथ हो गंभीरावस्था में सड़क पर पड़ा था, उसके भाई सोमराज सभ्रवाल व समुदाय के अन्य लोगों ने मेन रोड पर ट्रैफिक जाम कर दिया जिसके बाद पुलिस प्रशासन एकदम हरकत में आया और एस.एच.ओ. गढ़दीवाला जसकंवल सिंह सहोता ने पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंच कर बुरी तरह से घायल सुक्खा राम सभ्रवाल को सड़क से उठाकर अपनी गाड़ी में बैठा कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मौके पर मौजूद सोमराज सभ्रवाल ने कहा कि उनकी मोहल्ले के एक गुट के साथ पिछले काफी समय से रंजिश चल रही है और उस गुट ने उन पर अनेक बार हमला कर उन्हें मारने की कोशिश की जिसके बारे में उन्होंने समय-समय पर गढ़दीवाला पुलिस व उच्चाधिकारियों को शिकायतें भी की लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण उक्त गुट के लोगों ने आज पुन: तेजधार हथियारों से हमला कर उसके भाई व भतीजे को लहुलूहान कर दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन व उक्त दूसरे गुट के व्यक्तियों के खिलाफ जम कर नारेबाजी भी की। सोमराज ने यह भी कहा कि अगर पुलिस ने हमलावर गुट के लोगों को तुरंत गिरफ्तार न किया तो वे जाम लगाने को मजबूर होंगे। उल्लेखनीय है कि मेन रोड पर दिन-दिहाड़े यह घटना घटी और हर समय यहां पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहते हैं। घटना की सूचना मिलने पर डी.एस.पी. स्पैशल ब्रांच हरजिन्द्र सिंह द्वारा स्थिति का जायजा लिया गया।